एक ही दिन में तीन जगह चोरी और तोड़फोड़, मंदिर में शिवलिंग खिसकाया, घर से 37 हजार के जेवर-नकदी गायब
बिलासपुर में चोरी की तीन घटनाएं सामने आईं, टांडा में बोर का केबल चोरी हुआ, कोपरा खार में घर से जेवर-नकदी पार हुई, गनियारी मंदिर में शिवलिंग को नुकसान पहुंचाया गया।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 10:19:54 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 10:19:54 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- तीन जगह चोरी-तोड़फोड़।
- घर से 37,100 के जेवर-नकदी चोरी।
- मंदिर में शिवलिंग को नुकसान।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: जिले में चोरी और धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने की तीन घटनाएं सामने आई हैं। टांडा में प्लाट से बोर का केबल चोरी हो गया, वहीं कोपरा खार में किसान के घर से जेवर और नकदी पार कर दी गई। गनियारी के सार्वजनिक भोलेनाथ मंदिर में शिवलिंग को उसके स्थान से खिसकाकर नुकसान पहुंचाने की शिकायत भी पुलिस से की गई है।
इकलेश कौशिक टांडा गांव में बिलासपुर निवासी व्यापारी शाहरूख मेमन के प्लाट में करीब डेढ़ साल से चौकीदारी करती हैं। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर की शाम छह बजे वह प्लाट से घर चली गई थीं। अगले दिन सुबह नौ बजे पहुंचीं तो बोर का करीब 55 मीटर केबल तार कटा हुआ मिला। इसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
कमरे के दरवाजे के कुछ हिस्से में भी तोड़फोड़ की गई थी। इसी प्रकार गनियारी बाजारपारा निवासी अधिवक्ता प्रवेश बाजपेयी के अनुसार, उनके घर के पास सार्वजनिक भोलेनाथ मंदिर है। 14 नवंबर की सुबह ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि मंदिर में स्थापित शिवलिंग अपने स्थान से खिसका हुआ है। उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो शिवलिंग को नुकसान पहुंचा था।
यह भी पढ़ें- घने कोहरे में भी सुरक्षित चलेगी ट्रेन, लोको पायलट को 500 मीटर पहले मिलेगा सिग्नल का अलर्ट
उनका आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने रात करीब दो बजे इस घटना को अंजाम दिया। पता तलाश के बाद उन्होंने 18 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई।
घर से 37,100 रुपये के जेवर-नकदी चोरी
दिनेश निर्मलकर 18 नवंबर की सुबह सात बजे पत्नी और बेटे के साथ खेत में धान काटने गए थे। दोपहर एक बजे लौटे तो घर के सामने के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर आलमारी का हैंडल भी टूटा हुआ था।
जांच करने पर सोने की एक बाली, चांदी की लक्ष्मी पैरी पायल और चार हजार रुपये नकद गायब मिले। चोरी गए सामान की कुल कीमत 37,100 रुपये बताई गई है।