
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम धूमा में पति की प्रताड़ना से परेशान नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जांच के बाद पुलिस ने पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण की धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
सिरगिट्टी क्षेत्र के धूमा में रहने वाली रामकुमारी पटेल(25) ने 11 जनवरी को अपने घर के कमरे में सीलिंग फैन से गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना महिला के देवर संदीप पटेल ने पुलिस को दी थी। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पीएम रिपोर्ट में डाक्टर ने फांसी लगाने से मृत्यु की पुष्टि की। जांच के दौरान मृतिका की मां, भाई, जीजा सहित सास, ससुर और देवर के बयान दर्ज किए गए। बयानों में सामने आया कि मृतिका का पति शिवकुमार पटेल शराब के नशे में आए दिन उसके साथ विवाद और मारपीट करता था।
यह भी पढ़ें- 75 लाख के बांड विवाद में फंसी रेलवे की नौकरी, छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने केंद्र और राज्य को भेजा नोटिस
इससे परेशान होकर रामकुमारी ने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने मर्ग जांच, बयानों, पंचनामा और पीएम रिपोर्ट के आधार पर पति को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोपी माना और अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।