होटल में दो पुलिसकर्मियों ने पैसे लेकर बेच दिया सरकारी दस्तावेज, बिलासपुर के जिला न्यायालय की नजारत शाखा में हैं पदस्थ
जिला न्यायालय की नजारत शाखा में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों का पैसे का लेन-देन करते एक वीडियो सामने आया है।
Publish Date: Wed, 28 Oct 2026 03:55:51 PM (IST)Updated Date: Wed, 28 Oct 2026 03:58:41 PM (IST)
नजारत शाखा में तैनात पुलिसकर्मी रुपये लेते हुए l नईदुनियाHighLights
- दो पुलिसकर्मी बैग में सरकारी दस्तावेज लेकर पहुंचे थे होटल
- बिलासपुर के जिला न्यायालय की नजारत शाखा में पदस्थ दोनों
- तोरवा स्थित छत्तीसगढ़ होटल में बैग लेकर पहुंचे थे दोनों पुलिसकर्मी
जितेंद्र रात्रे, नईदुनिया बिलासपुर। जिला न्यायालय की नजारत शाखा में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों का पैसे का लेन-देन करते एक वीडियो सामने आया है। तोरवा स्थित एक होटल में दोनों पुलिसकर्मी एक व्यक्ति से पांच-पांच सौ के नोट लेते दिख रहे हैं।
पैसे लेने के बाद सरकारी रिकॉर्ड को संबंधित व्यक्ति को दिखा रहे हैं और वह व्यक्ति आसानी से उसकी तस्वीर मोबाइल पर ले रहा है। जाहिर है न्यायालय से जुड़े सारे दस्तावेज गोपनीय और अहम होते हैं। इसके बाद भी पैसे लेकर दस्तावेज देना पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं।
दो पुलिसकर्मी बैग में सरकारी दस्तावेज लेकर पहुंचे
शाम करीब चार बजे तोरवा स्थित छत्तीसगढ़ होटल में दो पुलिसकर्मी बैग में सरकारी दस्तावेज लेकर पहुंचते हैं। इसके कुछ देर बाद एक व्यक्ति आता है और फिर बातचीत शुरू हो जाती है। बात के बीच में ही वेटर को बुलाकर चाय-नाश्ते का आर्डर दिया जाता है।
पुलिसकर्मी और पैसे की डिमांड करता है
दोनों पुलिसकर्मियों और व्यक्ति के बीच बातचीत होती रहती है। इसी बीच सादे ड्रेस वाला व्यक्ति पर्स से पांच-पांच सौ रुपये निकालकर सामने बैठे पुलिसकर्मी को देता है। नोट गिनने के बाद पुलिसकर्मी और पैसे की डिमांड करता है। वह फिर पर्स को टटोलता है और कुछ रुपये निकालकर देता है।
पुलिसकर्मी बैग से सरकारी दस्तावेज निकालकर देता है
कुछ देर बाद पुलिसकर्मी अपने बैग से सरकारी दस्तावेज निकालकर व्यक्ति को देता है। जाहिर है यह सरकारी दस्तावेज है। वह मोबाइल से दस्तावेज की तस्वीरें लेता है। इसके बाद पुलिसकर्मी वापस दस्तावेज को अपने बैग में रख लेते हैं। पड़ताल में सामने आया कि दोनों पुलिसकर्मी जिला न्यायालय की नजारत शाखा में पदस्थ हैं।
एक का नाम गिरीश पाल बताया जा रहा है। वहीं साथ में उनका सहयोगी भी है। नजारत शाखा में न्यायालय से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रहते हैं। ऐसे में न्यायालयीन दस्तावेज को इधर-उधर करना सुरक्षा की दृष्टि से काफी खतरनाक है।
क्या है नजारत शाखा
जिला न्यायालय परिसर के नजारत शाखा में जजों की ओर दिए गए फैसलों का रिकार्ड, वारंट तामीली, नोटिस और गोपनीय दस्तावेज रखे जाते हैं। इसकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है। साथ ही दस्तावेजों की तामीली के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है।
इन्हीं पुलिसकर्मियों द्वारा पैसे का लेनदेन कर जिला न्यायालय की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। निष्पक्ष जांच से सामने आएगी सच्चाई इस मामले में तस्वीर की प्रामाणिकता, लेनदेन की परिस्थितियों और उसके उद्देश्य की निष्पक्ष जांच महत्वपूर्ण है।
पुलिसकर्मियों से पूछताछ में यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस तरह की हरकत कब से कर रहे हैं और किस तरह के दस्तावेज पैसे लेकर उपलब्ध कराए गए हैं। निष्पक्ष जांच से ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।