
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। बिल्हा क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी में गौरा-गौरी विसर्जन के दौरान एक बच्ची को बाइक से चोट लग गई। इसके बाद गांव के लोगों ने युवक की पिटाई कर दी। मारपीट के बाद युवक ने अपने गांव उड़गन से लोगों को बुला लिया। इसके बाद दोनों गांव के लोग आमने सामने हो गए। मारपीट के बाद लोग अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले। इसके बाद किसी ने करीब 10 बाइक में आग लगा दी। घटना की सूचना पर बिल्हा पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। दोनों गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि मंगलवार को बिल्हा क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी में गौरा-गौरी का विसर्जन हो रहा था। इसी दौरान भीड़ के चलते एक बाइक से गांव की बच्ची को चोट लग गई। इसी बात को लेकर गांव के लोगों ने बाइक चला रहे युवक को पकड़कर पिटाई कर दी। मारपीट के बाद युवक ने अपने गांव के लोगों को फोन कर इसकी जानकारी दी। इस पर उड़गन के ग्रामीण बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई।
मारपीट के दौरान उड़गन के लोग अपने वाहन छोड़कर वहां से भाग निकले। इसके बाद कुछ लोगों ने उनकी बाइक में आग लगा दी। इससे 10 वाहन जल गए। घटना की सूचना पर बिल्हा पुलिस की टीम गांव पहुंच गई। घटना की सूचना पर पुलिस के अधिकारी भी गांव पहुंच गए।
देर रात तक दोनों गांव के लोग एक दूसरे पर आरोप लगाते रहे। दाेनों गांव के लोगों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। गांव के लोगों से पूछताछ कर घटना में शामिल लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- बीच रास्ते पल्सर रोकी, मारपीट कर बाइक लूटी; मंगला आजाद चौक से दबोचे गए तीन शातिर लुटेरे
गांव में डंटी पुलिस की टीम
दो गांव के लोगों के बीच मारपीट और बलवा की सूचना पर बिल्हा के साथ ही हिर्री और चकरभाठा पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस की टीम ने गांव में पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस की टीम को दोनों गांव में तैनात किया गया है।
प्राथमिक पूछताछ में बाइक से हुई घटना के बाद मारपीट और आगजनी की घटना सामने आई है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।