बिलासपुर के धान खरीदी केंद्र में अज्ञात लोगों ने आग लगाकर 11 बंडल नए बारदाने जलाए, सुरक्षा पर उठे सवाल
बिलासपुर के मस्तूरी स्थित गोढ़ी धान खरीदी केंद्र में अज्ञात लोगों ने 11 बंडल बारदाने जला दिए। चौकीदार नदारद होने और सीसीटीवी खराब होने से सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 03:59:50 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 03:59:50 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- मस्तूरी के ग्राम गोढ़ी स्थित केंद्र में रविवार रात लगी आग।
- घटना के समय चौकीदार नदारद और सीसीटीवी कैमरा भी बेकार।
- मिट्टी तेल डालकर जलाने की आशंका, पचपेड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: राज्य में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होते ही उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं की पोल खुलने लगी है। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी स्थित धान खरीदी केंद्र में रविवार रात अज्ञात लोगों ने नए बारदानों के ढेर में आग लगा दी। इस घटना में केंद्र में रखे 30 बंडल बारदानों में से 11 बंडल पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना के बाद केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब चार बजे केंद्र का लिपिक मौके पर पहुंचा तो बारदानों में आगजनी का पता चला। शुरुआती जांच में बारदानों को मिट्टी तेल डालकर जलाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
समिति पदाधिकारियों ने इसे सुनियोजित साजिश की आशंका बताया है। हैरानी की बात यह है कि केंद्र में सुरक्षा के लिए चौकीदार की तैनाती के बावजूद घटना के दौरान उसके मौजूद रहने की जानकारी नहीं है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में शादियों के 11 शुभ मुहूर्त के बीच रेलवे ने कैंसिल की 52 ट्रेनें, बारातियों व यात्रियों की बढ़ी मुसीबत
वहीं, परिसर में लगा इकलौता सीसीटीवी कैमरा भी बारदानों के ढेर को कवर नहीं कर रहा था।
कैमरा चालू था या नहीं, इसकी भी पुष्टि नहीं हो सकी है। सीईओ सहकारिता गोधली वर्मा ने मामले की जांच के लिए टीम भेजने की बात कही है। समिति प्रबंधक कुंदन कुमार के मुताबिक, घटना की रिपोर्ट पचपेड़ी थाने में दर्ज कराई गई है।