
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। देवउठनी एकादशी से शुरू हो रहे शादियों के व्यस्त सीजन और 11 शुभ विवाह मुहूर्तों के बीच रेलवे ने 52 ट्रेनों को कैंसिल कर यात्रियों व बारातियों की मुसीबत बढ़ा दी है। चक्रधरपुर मंडल के झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 26 नवंबर से 17 दिसंबर तक अलग-अलग तिथियों में इन गाड़ियों के पहिए थमे रहेंगे। एक ओर घरों में मेहमानों के स्वागत और विदाई की तैयारियां जोरों पर हैं, तो दूसरी ओर दूर-दराज के शहरों से आने वाले रिश्तेदारों के सफर की चिंता गहरा गई है।
पंचांग के अनुसार, नवंबर महीने में शादी के लिए सिर्फ चार दिन यानि 21, 24, 25 और 26 नवंबर शुभ हैं, जबकि दिसंबर के पहले पखवाड़े में कुल सात दिन यानि 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 दिसंबर विवाह के लिए तय किए गए हैं। इसके बाद 16 दिसंबर से सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करते ही 'खरमास' (मलमास) की शुरुआत हो जाएगी, जिससे मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा। मुहूर्त के दिन कम होने के कारण इस सीमित अवधि में प्रदेशभर में हजारों की संख्या में एक साथ शादियां होंगी।
यह भी पढ़ें- किराया सिर्फ 999 रुपए… रायपुर से अंबिकापुर और बिलासपुर को जोड़ने वाली हवाई सेवा शुरू
मुहूर्त के इस भारी दबाव के बीच रेलवे के एक फैसले ने यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। चक्रधरपुर मंडल के झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते रेलवे ने 26 नवंबर से 17 दिसंबर तक अलग-अलग तिथियों में 52 ट्रेनों को कैंसिल करने का निर्णय लिया है। शादी के इस व्यस्त सीजन में पहले से ही ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है, ऊपर से त्योहारी सीजन से वापस लौटने वाले यात्रियों का दबाव भी बना हुआ है। ऐसे में 52 ट्रेनों के पहिए थमने से उपलब्ध गाड़ियों में सीटों की भारी मारामारी शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें- ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ा झटका! अब रात 11 से सुबह 5 बजे तक नहीं चार्ज कर सकेंगे फोन, रेलवे ने बदला नियम
इस ब्लॉक का सीधा असर हावड़ा, पुणे, मुंबई, अहमदाबाद और हैदराबाद जैसे प्रमुख रेल मार्गों पर पड़ेगा। टाटानगर- नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी, हावड़ा- पुणे दुरंतो, छपरा- दुर्ग एक्सप्रेस, टाटानगर- बिलासपुर एक्सप्रेस, सांतरागाछी- पुणे एक्सप्रेस, तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस, मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस, कामाख्या-एलटीटी एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, हटिया-पुणे एक्सप्रेस और हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस सहित कुल 52 ट्रेनें इस दौरान कैंसिल रहेंगी। इसके अलावा कुछ गाड़ियों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनें बीच के स्टेशनों पर ही यात्रा समाप्त करेंगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली, मुंबई और हावड़ा की ट्रेनों में नो रूम, बिलासपुर में अगले सात दिन तक बर्थ नहीं
जिन परिवारों ने शादी समारोह के हिसाब से महीनों पहले रिजर्वेशन करा रखे थे, उनकी चिंताएं अब काफी बढ़ गई हैं। कई लोगों को सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है या अपनी यात्रा की तारीखें बदलनी पड़ सकती हैं। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ सफर करने वाले परिवारों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा पर निकलने से पहले केवल पुराने टिकट और समय-सारणी के भरोसे स्टेशन न पहुंचें, बल्कि अपनी ट्रेन के स्टेटस की जांच जरूर कर लें।