
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। धान खरीदी के बीच राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला मस्तूरी क्षेत्र से सामने आया है। ग्राम केवटाडीह स्थित सरकारी पटवारी कार्यालय में ताश खेलने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि मुनादी कराकर समस्या सुधार के लिए बुलाने के बाद पटवारी टेटू राम जागंडे ने समाधान करने के बजाय किसानों से दुर्व्यवहार कर उन्हें कार्यालय से भगा दिया।
वायरल वीडियो के अनुसार यह मामला मस्तूरी क्षेत्र में धान बेचने से जुड़ी समस्याओं के निराकरण से संबंधित है। शासन स्तर पर रकबा कटौती, नामांतरण, फौती और गिरदावरी-अनावारी रिपोर्ट की त्रुटियों में सुधार के लिए केवटाडीह गांव में मुनादी कराई गई थी।
किसानों को सूचना दी गई थी कि पटवारी कार्यालय में उपस्थित रहकर सभी प्रकरणों का निराकरण करेंगे। जब बड़ी संख्या में किसान अपने दस्तावेज लेकर केवटाडीह कार्यालय पहुंचे, तो वहां कामकाज के बजाय ताश की बाजी चलती दिखी। किसानों ने जब अपनी समस्याएं रखीं, तो पटवारी का व्यवहार ठीक नहीं रहा और उन्हें बिना काम किए वापस लौटा दिया गया। इस मामले में कार्रवाई को लेकर मस्तूरी एसडीएम बजरंग वर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
यह भी पढ़ें- समंस तामिल कराने निकले आरक्षक की संदिग्ध मौत, हादसा या हार्ट अटैक पर गहराया रहस्य
प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
धान बिक्री की समय-सीमा सीमित होने के कारण किसान पहले ही रकबा सुधार और गिरदावरी की गड़बड़ियों को लेकर परेशान हैं। ऐसे समय में कार्यालय के भीतर ताश खेलने और किसानों को भगाने की घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने मामले की जांच कर दोषी पटवारी पर तत्काल निलंबन की कार्रवाई करने की मांग की है।
विपक्ष ने सरकार को घेरा, जांच की मांग
वायरल वीडियो सामने आने के बाद इस मुद्दे पर राजनीति भी गरमा गई है। विपक्षी नेताओं ने इसे किसानों के साथ अन्याय बताते हुए आरोप लगाया कि जानबूझकर किसानों को परेशान किया जा रहा है, ताकि वे समय पर धान न बेच सकें। उन्होंने प्रशासन से वीडियो की पुष्टि कर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।