
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। गनियारी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए बेसबाल बैट, राड और धारदार वस्तु से हमला करने का आरोप लगाया है। मारपीट में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गनियारी बजारपारा के पास रहने वाले जितेंद्र राज (45) ने पुलिस को बताया कि 15 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे उनके भाई गिरेन्द्र राज घर के बाहर आवारा पशुओं को खाना खिला रहे थे। इस दौरान जितेंद्र और करण राज भी मौजूद थे। तभी मोनू वस्त्रकार, सोनू वस्त्रकार, नानू सूर्यवंशी और नानू वर्मा वहां पहुंचे। शराब पकड़वाने की पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए बेसबाल बैट और राड से हमला कर दिया। मारपीट में जितेंद्र के बाएं कान, गिरेन्द्र के सिर, कोहनी और कंधे तथा करण के बाएं कंधे में चोट आई।
वहीं दूसरे पक्ष के सोनू वस्त्रकार (30) ने शिकायत में बताया कि वह अपने भाई मोनू के साथ काम से घर लौट रहा था। तभी जितेंद्र राज, गिरेन्द्र राज, करण राज और संजू साहू ने पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए धारदार वस्तु और बेसबाल बैट से हमला कर दिया। मारपीट में सोनू के सिर और हाथ तथा मोनू के सिर, दोनों हाथ और पैरों में चोट आई है।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
यह भी पढ़ें- अनाथ-प्रताड़ित भाई-बहन के पुनर्वास की जगी आस, शिक्षिका ने साथ रखने का दिया प्रस्ताव