Bilaspur Weather Update: बादलों ने डाला डेरा, पांच तक बूंदाबांदी संभव
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पांच जनवरी तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा और बादल छाने के साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा के भी ...और पढ़ें
By Dhirendra Kumar SinhaEdited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Tue, 02 Jan 2024 04:39:05 PM (IST)Updated Date: Tue, 02 Jan 2024 04:39:05 PM (IST)
बिलासपुर का मौसम,कानन की फोटो।HighLights
- न्यूनतम तापमान में दर्ज की गई वृद्धि
- अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
- सात के बाद फिर बढ़ेगी ठंड
Bilaspur Weather: विक्षोभ के असर से शहर समेत संभाग व आसपास का मौसम बदल गया है। आसमान में बादल नजर आ रहे हैं। इसके चलते न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम हो गया है। अब मंगलवार को भी बादल नजर आएंगे और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान में 62 डिग्री पूर्व व 28 डिग्री उत्तर में 3.1 किमी ऊंचाई पर स्थित है। इसका अक्ष मध्य क्षोभमंडल तक स्थित है। इसके प्रभाव से एक प्रेरित ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिमी राजस्थान के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में पूर्व से अपेक्षाकृत गर्म और नमी युक्त हवा का आगमन हो रहा है। प्रदेश में आगामी पांच जनवरी तक इसी तरह बादल-बारिश के हालात बने रह सकते हैं।
न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना बनी हुई है। सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में हल्के बादल रहने के साथ ही बूंदाबांदी या रिमझिम वर्षा हो सकती है। दो जनवरी को प्रदेश के सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में वर्षा हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ सिराज खान की मानें तो बिलासपुर में भी इसका कुछ असर हो सकता है। हालांकि इसकी संभावना सप्ताह के मध्य में है। ऐसे में पांच जनवरी तक बीच-बीच में बादल छाने और ऐसी स्थिति बनने के संकेत हैं।
अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
मंगलवार- अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि। बादल मंडराएंगे।
बुधवार- वर्षा की गतिविधियों में सक्रियता। बादल अपनी पकड़ बनाएंगे।
सात के बाद फिर बढ़ेगी ठंड
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पांच जनवरी तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा और बादल छाने के साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा के भी आसार हैं। इसके बाद सात जनवरी से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी और ठंड में बढ़ोतरी होगी। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष ठंड ज्यादा पड़ने की उम्मीद की जा रही है।