
बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को जैसे ही न्यायधानी में कदम रखा, मातृशक्ति ने हुंकार भरी। राज्य सरकार के खिलाफ जमकर आवाज बुंदल की। महतारी हुंकार रैली में एकता की शक्ति का परिचय दिया। जगमल चौक से नेहरू चौक तक खचाखच भीड़ रही। हाथों में तख्ती और स्लोगन के बीच राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित इस हुंकार रैली में महिलाओं ने जमकर हल्ला बोला। पांच स्लोगन का प्रयोग कर सीधे भूपेश सरकार पर निशाना साधा। रैली में अरपा पैरी के इहि पुकार, शराबंदी करो भूपेश सरकार, मासूम बच्चे कुपोषित हो थे, भूपेश सरकार रजाई ओढ़े सो हे, बहनों को रोजगार वापस करो, स्व सहायता समूह का काम वापस करो... जैसे स्लोगन के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ती रहीं। जगमल चौक से शुरू हुई यह रैली जैसे ही गांधी चौक पहुंची और मंत्री स्मृति के शामिल होते ही महिलाओं का जोश कई गुना बढ़ गया।
मन में आस, सरकार हटाने का प्रयास
रैली में प्रदेश के लगभग सभी जिलों से महिलाएं आई थीं। इनके मन में एक आस थी। भूपेश सरकार को हटाने प्रयास था। भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी इसलिए होमवर्क कर ग्रामीण अंचल की महिलाओं को शामिल किया था। शराबबंदी, बेरोजगारी, महिला अत्याचार, दुष्कर्म, अपहरण, पीएम अवास, महिला सुरक्षा एवं किसानों के मुद्दे को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।
रेलवे परिक्षेत्र में बस-कार पार्किंग
रैली में प्रदेशभर से छोटी बड़ी गाड़ियां पहुंची थीं। देवरीखुर्द, राजकिशोर नगर सहित दयालबंद से आने वाले बड़े वाहन जैसे बस, पिकअप के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोनल कार्यालय के सामने रोड को पार्किंग स्थल बन दिया गया था। तिलली चौक तक बसें खड़ी थीं। वहीं, गुरुनानक चौक स्कूल रोड और पावर हाउस सहित अन्य जगहों में भारी संख्या में वाहन खड़े रहे।
बुजुर्ग महिलाओं में दिखा जोश
रैली में जयरामनगर, कोरबा, रायगढ़ सहित आसपास गांव से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। इसमें 60 साल से ऊपर की महिलाएं भी शामिल हुईं। रैली में उनका जोश देखते ही बन रहा था। कई बुजुर्ग ऐेसी भी थीं जो गांव की अन्य महिलाओं का नेतृत्व कर रही थीं। चेहरे पर रैली में शामिल होने की खुशी तो कहीं स्मृति ईरानी को देखने का उत्साह।
हाथ में कमल, जय श्री राम की गूंज
महतारी हुंकार रैली में एक ओर जहां बैनर पोस्टर और स्लोगन दिखा तो वहीं हर एक हाथ में कमल नजर आया। ध्वज लेकर रैली में आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान महिलाएं जय श्री राम के नारे भी लगा रही थीं। धर्म के नाम पर भूपेश सरकार को घेरने पुरजोर प्रयास किया गया। रैली के माध्यम से यह भी दिखाने का प्रयास हुआ कि राज्य सरकार राम के नाम पर केवल दिखावा करती है।
घर की छत व खिड़की से झांकते रहे लोग
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को देखने कई लोग घर के छत, खिड़की और बालकनी का सहारा लेते रहे। जूना बिलासपुर, जवाला नाला रोड, गोल बाजार, सदर बाजार से लेकर देवकीनंदन चौक के पास एक समान स्थिति रही। वहीं, रैली में स्मृति ईरानी ने भी हाथ दिखाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। रास्तें में लोगों ने उन पर पुष्प वर्षा भी की।