
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर बिलासपुर के शिक्षण संस्थानों में तैयारियां तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने 21 जून को आयोजित होने वाले योग संगम कार्यक्रम में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय सहित जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की सचिव प्रो. श्यामा रथ द्वारा जारी पत्र में सभी उच्च शिक्षण संस्थानों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। इस वर्ष योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” रखी गई है, जिसका उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों में स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के योग विभागाध्यक्ष डा.गौरव साहू ने बताया कि उन्हें यूजीसी का आधिकारिक पत्र प्राप्त हुआ है, जिसके बाद विश्वविद्यालय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पत्र के अनुसार 21 जून को सुबह 6:30 बजे प्रधानमंत्री का संबोधन प्रसारित किया जाएगा, जिसके बाद कामन योग प्रोटोकाल के तहत सामूहिक योगाभ्यास आयोजित होगा।
बिलासपुर के अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, शासकीय ई. राघवेंद्र राव स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय, सीएमडी कालेज, डीएलएस कालेज, शासकीय बिलासा कन्या महाविद्यालय तथा अन्य महाविद्यालयों में भी योग दिवस को लेकर गतिविधियां तेज होने की संभावना है। यूजीसी ने छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों, एनसीसी, एनएसएस स्वयंसेवकों, पूर्व विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। कार्यक्रम के बाद गतिविधियों की जानकारी योग संगम पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में उमस ने बढ़ाई बेहाली; रात के बादलों ने दी थी उम्मीद, सुबह की धूप ने तोड़ा भरोसा
थीम में छिपा है स्वस्थ जीवन का संदेश
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फार हेल्दी एजिंग” निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य बढ़ती उम्र में भी लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाना है। विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों के लिए लाभकारी है तथा जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सुबह 6:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन
योग संगम कार्यक्रम के तहत 21 जून को सुबह 6:30 बजे प्रधानमंत्री देशवासियों को संबोधित करेंगे। इसके बाद पूरे देश में एक साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन सहित विभिन्न डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर होगा। उच्च शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पोर्टल पर दर्ज होगी गतिविधियों की जानकारी
यूजीसी ने सभी संस्थानों को योग संगम पोर्टल पर पंजीयन कराने के निर्देश दिए हैं। आयोजन के बाद कार्यक्रम की तस्वीरें, वीडियो और गतिविधियों की जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और योग 365 के लोगो के साथ गतिविधियों का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा, ताकि योग के प्रति जनजागरूकता को और अधिक बढ़ावा मिल सके। एक नया किर्तिमान बनेगा।