
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। दुकान में काम करने के दौरान मालिक से हुई जान-पहचान का फायदा उठाकर एक युवती ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। साथ में खिंचाई गई तस्वीरों को इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर युवती ने दो लाख रुपये वसूल लिए। लगातार रकम की मांग और धमकियों से परेशान होकर युवक ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित युवती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कोतवाली सीएसपी गगन कुमार(आइपीएस) ने बताया कि खपरगंज कल्लू बाड़ा निवासी सूर्या सोनी (28) ने बुधवार को अवैध वसूली और ब्लेमेल की शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि प्राची कश्यप (20), निवासी लोफंदी, वर्ष 2025 में उसकी दुकान में काम करने आई थी। इस दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई और फोन पर बातचीत व चैटिंग होने लगी।
इसी दौरान दोनों ने साथ में तस्वीरें खिंचवाई थीं। युवती इन तस्वीरों को दूसरों के बीच वायरल कर सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी देकर रुपये मांगने लगी। लोकलाज के डर से युवक ने दो लाख रुपये आनलाइन और नकद दे दिए। इसके बाद भी युवती लगातार फोन कर रकम मांगती रही। नहीं देने पर आत्महत्या करने की धमकी भी देती थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर कार्रवाई की। आरोपित युवती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायत के मुताबिक युवती ने तस्वीरें और वीडियो वायरल नहीं करने के एवज में युवक से दो लाख रुपये वसूले। इसमें आनलाइन भुगतान के साथ नकद रकम भी शामिल है। इसके बाद भी उसकी मांग बंद नहीं हुई। उसकी मांग बढ़ने लगी। लगातार फोन कर रकम मांगने से परेशान होकर युवक ने पुलिस की शरण ली।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ मुकेश चंद्रकार हत्याकांड: गवाहों को एक लाख का प्रलोभन, सरकारी गवाहों की गवाही पर भी उठे सवाल