नईदुनिया न्यूज, बीजापुर। पत्रकार मुकेश चंद्रकार हत्याकांड में मुख्य आरोपित ठेकेदार सुरेश चंद्रकार की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान गवाहों और अभियोजन के साक्ष्यों से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं।
एक ओर हत्याकांड के दो गवाहों को आरोपित के पक्ष में बयान देने के लिए एक लाख रुपये का प्रलोभन देने की शिकायत का दस्तावेज प्रस्तुत किया गया, वहीं दूसरी ओर बचाव पक्ष ने सरकारी गवाहों की जिरह के ऐसे अंश प्रस्तुत किए, जिनमें पुलिस की कार्रवाई और साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया पर सवाल उठे हैं।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय की एकलपीठ के समक्ष 17 और 18 नवंबर को दोनों पक्षों ने दस्तावेज प्रस्तुत किए। आपत्तिकर्ता की ओर से अधिवक्ता प्रीतम सिंह ने बीजापुर थाने में दर्ज एनसीआर की प्रति प्रस्तुत की।
30 जून 2026 को दर्ज इस शिकायत में गवाह चेतन कापेवार और पवन दुर्गम ने आरोप लगाया है कि सुनील कुमार मर्सकोले ने फोन कर सुरेश चंद्रकार के पक्ष में बयान देने के बदले एक लाख रुपये देने की पेशकश की थी। पुलिस ने इसे धारा 251 बीएनएस के तहत असंज्ञेय अपराध मानते हुए शिकायतकर्ताओं को न्यायालय जाने की सलाह दी थी।
इसके जवाब में बचाव पक्ष के अधिवक्ता शिवांग दुबे ने सुरेश चंद्रकार की ओर से 19 जून को पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन की प्रति प्रस्तुत की। इसमें गवाहों को प्रभावित करने के आरोपों को झूठा बताते हुए इसे प्रतिष्ठा धूमिल करने की साजिश बताया गया है। सुरेश ने सुनील मर्सकोले से संपर्क होने से भी इनकार किया है।
सरकारी गवाहों की जिरह के अंश भी प्रस्तुत
बचाव पक्ष ने पटवारी बीराराज बाबू और सकनी भास्कर के बयानों की प्रतियां भी प्रस्तुत कीं। दोनों ने सह-आरोपितों के कथित मेमोरेण्डम के आधार पर हत्या की साजिश, पांच लाख रुपये देने और साक्ष्य छिपाने के घटनाक्रम का उल्लेख किया है।
वहीं, जिरह में उन्होंने पुलिस कार्रवाई के लिए लिखित अनुमति नहीं मिलने और जप्ती से पहले पुलिसकर्मियों की तलाशी नहीं लिए जाने की बात स्वीकार की। एक गवाह ने यह भी कहा कि सुरेश के मेमोरेण्डम संबंधी बयान से पहले विशेष लोक अभियोजक ने उन्हें भोजन अवकाश के दौरान इसकी याद दिलाई थी।
सड़क निर्माण मामले में सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता मधेश्वर प्रसाद का बयान भी प्रस्तुत किया गया। उन्होंने सड़क निर्माण की खामियों और ठेकेदार की भूमिका की जानकारी से मना किया था। अभियोजन ने उन्हें पक्षद्रोही घोषित किया था।
गवाहों को प्रभावित करने की शिकायत, सरकारी गवाहों की गवाही और जिरह में सामने आए इन पहलुओं ने सुरेश चंद्रकार की जमानत याचिका पर सुनवाई को महत्वपूर्ण बना दिया है।
हत्या कर सेप्टिक टैंक में चुनवाया था शव
बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्रकार 1 जनवरी 2025 की रात अचानक लापता हो गए थे। 2 जनवरी को उनके बड़े भाई युकेश चंद्रकार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल की आखिरी लोकेशन के आधार पर चट्टानपारा स्थित ठेकेदार सुरेश चंद्रकार के बाड़े की तलाशी ली। 3 जनवरी को परिसर में बने नए सेप्टिक टैंक का ताजा सीमेंट का स्लैब संदिग्ध लगा। उसे तोड़ने पर अंदर मुकेश का शव मिला, जिस पर कई वार किए गए थे।
जांच के अनुसार, सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं को उजागर करने वाली खबरों से नाराज होकर हत्या की साजिश रची गई थी। आरोप है कि रितेश चंद्रकार और महेंद्र रामटेके ने लोहे की राड से हमला कर मुकेश की हत्या की और शव टैंक में डालकर सीमेंट से बंद कर दिया। पुलिस ने सुरेश, रितेश, दिनेश चंद्रकार और महेंद्र रामटेके को गिरफ्तार किया। इसमें मुख्य आरोपित सुरेश को 5 जनवरी को हैदराबाद से पकड़ा गया था।