
नईदुनिया न्यूज, चांपा : नगर के व्यस्ततम स्टेशन मार्ग स्थित पद्मिनी मल्टीप्लेक्स में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में आसमान में धुएं के विशाल गुबार छा गए और आसपास के लोग दहशत में आ गए। आग का असर मल्टीप्लेक्स के समीप स्थित नायक नर्सिंग होम और पंजाब हवेली रेस्टोरेंट तक पहुंचा, जिसके चलते अस्पताल में भर्ती मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करना पड़ा। प्रारंभिक तौर पर शार्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है।
घटना में लगभग ढाई से तीन करोड़ रुपये की क्षति का अनुमान लगाया गया है।चांपा नगर के मुख्य स्टेशन मार्ग पर स्थित पद्मिनी मल्टीप्लेक्स में सोमवार सुबह करीब 10 बजे अचानक आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मल्टीप्लेक्स परिसर से उठ रहे घने धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जबकि प्रशासन और पुलिस अमला भी तत्काल सक्रिय हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह लगभग 10:30 बजे मल्टीप्लेक्स की ऊपरी मंजिल से धुआं निकलना शुरू हुआ। कुछ ही देर में आग ने पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया और क्षेत्र में अफरा-तफरी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पीआईएल, जांजगीर तथा मड़वा पावर प्लांट से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने लगातार तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, लेकिन इस बड़ी घटना ने नगरवासियों को झकझोर कर रख दिया है और पूरे शहर में इसकी चर्चा बनी हुई है।
नायक नर्सिंग होम के मरीजों की बढ़ी परेशानी
मल्टीप्लेक्स से उठ रहे घने धुएं का सबसे अधिक असर बगल में स्थित नायक नर्सिंग होम पर पड़ा। धुएं के कारण अस्पताल में भर्ती मरीजों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल निर्णय लेते हुए मरीजों को अन्य सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया। इस दौरान मरीजों के परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों के बीच चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पंजाब हवेली रेस्टोरेंट भी आया चपेट में
आग की लपटों और तेज गर्मी का असर समीप स्थित पंजाब हवेली रेस्टोरेंट तक भी पहुंचा। हालांकि रेस्टोरेंट को किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर परिसर को खाली कराया गया और लोगों को बाहर निकालकर आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए।
करोड़ों का नुकसान, स्क्रीन-1 पूरी तरह प्रभावित
मल्टीप्लेक्स संचालक अनुपम श्रीवास्तव के अनुसार आगजनी की घटना में स्क्रीन-1 को भारी नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में आने से साउंड सिस्टम, एयर कंडीशनर, सीटें, पर्दे तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार घटना में लगभग ढाई से तीन करोड़ रुपये की क्षति हुई है।
शार्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगा। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक भवनों में अग्नि सुरक्षा उपायों, विद्युत उपकरणों की नियमित जांच तथा आपदा प्रबंधन व्यवस्था की आवश्यकता को रेखांकित करती है।