
नईदुनिया न्यूज, दंतेवाड़ा। न कोई सुनवाई, न कोई सबूत और न ही सच जानने की कोशिश। जादू-टोना करने का संदेह ही दो ग्रामीणों के लिए किसी व्यक्ति को सजा देने का आधार बन गया। लोहे के धारदार बंडा और लकड़ी के पीढ़ा से हमला कर उन्होंने 42 वर्षीय आयतु राम कर्मा की जान ले ली।
दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र के ग्राम दुगेली में 21 नवंबर की रात हुई इस वारदात ने एक बार फिर अंधविश्वास के नाम पर होने वाली हिंसा का भयावह चेहरा सामने ला दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो ग्रामीणों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, दुगेली के धुरवापारा निवासी लच्छू कर्मा (42) और मुद्दा कर्मा (30) को आयतु राम पर जादू-टोना करने का संदेह था। इसी शक के आधार पर दोनों ने उस पर हमला कर दिया। उसके चेहरे, सीने और पीठ पर लोहे के धारदार बंडा और लकड़ी के पीढ़ा से वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण आयतु राम की मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर बचेली पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। धुरवापारा में ग्रामीणों और गवाहों से पूछताछ के दौरान लच्छू और मुद्दा के नाम सामने आए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया।
उनके कब्जे से लोहे का धारदार बंडा और घटनास्थल से लकड़ी का पीढ़ा जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 23 नवंबर को दोनों को जेएमएफसी न्यायालय बचेली में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
छत्तीसगढ़ में टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005 लागू है। इसके बावजूद जादू-टोने के संदेह में हत्या और प्रताड़ना की घटनाएं सामने आ रही हैं। एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में वर्ष 2022 में ऐसी 25, 2023 में 19 और 2024 में 10 हत्याएं दर्ज हुईं। तीन साल में कुल 54 हत्याएं दर्ज की गईं।
यह भी पढ़ें- कोरबा में मुंह में कपड़ा ठूंसकर वृद्धा का घोंटा गला, जादू-टोने के शक में हत्या की आशंका
यह भी पढ़ें- 'तू डायन है' कहकर हथौड़ी से कुचला सिर, अंबिकापुर में महिला की हत्या में 4 गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005 के तहत किसी व्यक्ति को टोनही बताने पर तीन साल तक कठोर कारावास और जुर्माने का प्रविधान है। टोनही बताकर प्रताड़ित करने पर पांच साल तक कठोर कारावास और जुर्माना हो सकता है। वहीं भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) के तहत हत्या के दोषी को मृत्युदंड या आजीवन कारावास और जुर्माने की सजा हो सकती है।