दंतेवाड़ा के बालूद स्थित छू लो आसमान हास्टल के कमरे में 12वीं के छात्र का शव फंदे से लटका मिला
दंतेवाड़ा के बालूद में छू लो आसमान संस्था के हास्टल कमरे में 12वीं के छात्र का शव मिला है। पुलिस मर्ग कायम कर कारणों की जांच कर रही है।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 09:22:32 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 09:22:32 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- गुरुवार को कक्षा में नहीं गया था 12वीं का छात्र।
- क्लास से लौटे छात्रों ने खिड़की से देखा शव लटका।
- स्वजनों को सूचना देकर कारणों की जांच में जुटी पुलिस।
नईदुनिया प्रतिनिधि, दंतेवाड़ा: जिले के बालूद स्थित सरकारी संस्था 'छू लो आसमान' के हास्टल में गुरुवार को 12वीं कक्षा के एक छात्र का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के समय छात्रावास के अन्य विद्यार्थी कक्षा में थे। बताया जा रहा है कि छात्र गुरुवार को क्लास में भी शामिल नहीं हुआ था।
पुलिस के अनुसार हास्टल के अन्य छात्र जब कक्षा से लौटे तो संबंधित छात्र का कमरा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा। कमरे के भीतर छात्र का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर छात्र घबरा गए और तत्काल इसकी सूचना हास्टल वार्डन व अन्य स्टाफ को दी।
सूचना मिलते ही स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा और शिक्षा विभाग को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद विभागीय अधिकारियों की टीम भी हास्टल पहुंची। पुलिस को सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
स्वजनों को दी सूचना, जांच में जुटी पुलिस
एएसपी जितेंद्र कुमार खुटे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नाबालिग छात्र के स्वजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल छात्र के इस कदम के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटनास्थल की जांच और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।