
नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी : ओड़िशा से महाराष्ट्र गांजा की तस्करी कर रहे महाराष्ट्र के पांच अंतर्राज्यीय तस्करों को 131 किलो गांजा के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो कार समेत 72.45 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त कर सभी तस्करों के खिलाफ पुलिस ने जुर्म दर्ज कर जेल भेज दिया है। सभी आरोपितों को पुलिस ने धमतरी शहर सीमा से लगे ग्राम श्यामतराई जांच नाका के पास घेराबंदी कर पकड़ा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओड़िशा के जयपुर क्षेत्र से चारामा होते हुए महाराष्ट्र की ओर जा रहे दो कार में सवार पांच व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा का अवैध परिवहन कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेकर पुलिस टीम ने तत्काल शहर सीमा ग्राम श्यामतराई नाका धमतरी में घेराबंदी की। मुखबिर द्वारा बताए गए दोनों संदिग्ध वाहनों को रोककर विधिवत तलाशी ली गई।
इस दौरान दोनों वाहनों से कुल 131.668 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा एवं तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों सहित अन्य सामग्री को विधिवत जब्त कर मौके पर कार्रवाई गई। वहीं गांजा तस्करी कर रहे कुंदन उर्फ सचिन कैलाश ईगेडे 27 वर्ष, निवासी मलकापुर वागुढ़, जिला बुलढाना, महाराष्ट्र, रामेश्वर सालिक राम दांडगे 31 वर्ष निवासी संभाजीनगर हाईवे रोड, जलगांव, महाराष्ट्र, राबिनसन लारेंस फर्नांडिस उम्र 32 वर्ष निवासी वेललाडे, जलगांव महाराष्ट्र, लखन गुलाब बेलदार उम्र 34 वर्ष निवासी वेललाडे, जलगांव महाराष्ट्र और गणेश विजय पाटिल उम्र 29 वर्ष निवासी वेललाडे, जलगांव, महाराष्ट्र शामिल है।
पुलिस ने सभी तस्करों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। इधर पुलिस गांजा के वास्तविक स्रोत, तस्करी के नेटवर्क, परिवहन मार्ग, संभावित प्राप्तकर्ताओं तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत विवेचना की जा रही है। तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सौरभ चंद्राकर के केन्द्रीय जेल में आने के बाद सुरक्षा चाक-चौबंद, छत्तीसगढ़ की जेलों में चेकिंग अनिवार्य