
नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी। धमतरी जिले में दो युवकों पर चाकू से हमले और मारपीट की घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक की पहचान दीपांशु साहू निवासी मुजगहन के रूप में हुई है। दीपांशु और उसके दोस्त पर देर रात चाकू से हमला किया गया।
घटना में दीपांशु की मौत हो गई और साथी विक्की साहू घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। अर्जुनी थाना इलाके की पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। यह मामला 2024 में अमितपुरी गोस्वामी की हत्या से जुड़ा बताया जा रहा है।
अर्जुनी थाना अंतर्गत ग्राम मुजगहन निवासी मृतक दीपांशु साहू उर्फ दीप साहू और उसके मित्र विकास कुमार साहू का गांव के एक लड़के अमितपुरी गोस्वामी से घूर कर देखने की बात को लेकर विवाद हो गया था। मामला बढ़ा तो दीपांशु और उसके साथी ने मिलकर अमित गोस्वामी की हत्या कर दी और लाश गांव के आबादीपारा स्थित बायपास के नया तालाब में फेंक दी।
ग्रामीणों ने दूसरे दिन जब तालाब में लाश देखी तो इसकी सूचना अर्जुनी थाना को दी। युवक के पिता महेन्द्रपुरी गोस्वामी की रिपोर्ट पर पुलिस ने घटना की पड़ताल करते हुए मामले का एक दिन बाद राजफाश कर दिया। हत्या के आरोप में मुजगहन सरपंच के बेटे सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।
दीपांशु जमानत में छूटा हुआ था। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि रंजिशवश पूर्व मृतक अमितपुरी गोस्वामी के साथियों ने बुधवार की घटना को अंजाम दिया होगा। अर्जुनी थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू ने यह जानकारी दी।
यह भी पढ़ें- हीरे चोरी कर बेचने निकला आरोपी गिरफ्तार, धमतरी पुलिस ने 146 नग और 10 लाख का सामान किया जब्त