
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने वर्ष 2029 में सार्वजनिक जीवन से संन्यास लेने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्होंने अभी से मानसिक रूप से खुद को तैयार कर लिया है। जीवन में हार और रिटायरमेंट दोनों ऐसी वास्तविकताएं हैं, जिन्हें हर व्यक्ति को सहजता से स्वीकार करना सीखना चाहिए। किसी पद या प्रतिष्ठा से जुड़ाव इतना गहरा नहीं होना चाहिए कि उससे अलग होने की स्थिति में व्यक्ति मानसिक तनाव का शिकार हो जाए।
राज्यपाल रमेन डेका बुधवार को दुर्ग जिले के परसदा गांव स्थित विश्वगीता धेनु गोविंद पक्षी सेवाधाम में आयोजित गोपाष्टमी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन हो या निजी जीवन, हर व्यक्ति को कभी न कभी हार और बड़े बदलाव का सामना करना पड़ता है। महत्वपूर्ण यह है कि व्यक्ति इन परिस्थितियों को किस भाव से स्वीकार करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2029 में वे सार्वजनिक जीवन से विदाई लेंगे और इस निर्णय को लेकर उनके मन में कोई असमंजस नहीं है।
यह भी पढ़ें- बस्तर में आए बदलाव को दुनिया तक पहुंचाएंगे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, राज्यपाल रमेन डेका ने की मुलाकात
राज्यपाल ने कहा कि हार केवल राजनीति के मैदान में नहीं होती, बल्कि व्यापार, शिक्षा, नौकरी और पारिवारिक जीवन में भी व्यक्ति को असफलताओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में हार को खेल भावना के साथ स्वीकार करना चाहिए और किसी एक असफलता को जीवन का अंतिम परिणाम नहीं मानना चाहिए। दुनिया में आगे बढ़ने के अनेक अवसर मौजूद हैं। हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सकारात्मक सोच है। उन्होंने कहा कि पद, प्रतिष्ठा और जिम्मेदारियां हमेशा के लिए नहीं होतीं, इसलिए रिटायरमेंट को लेकर पहले से मानसिक तैयारी जरूरी है।
रमेन डेका ने कहा कि जीवन में हर दौर एक जैसा नहीं रहता और सफलता व असफलता एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जो व्यक्ति बदलती परिस्थितियों को स्वीकार कर उनके अनुरूप खुद को ढाल लेता है, वह मानसिक रूप से अधिक मजबूत रहता है। रिटायरमेंट को किसी अंत के रूप में देखने के बजाय जीवन के नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखना चाहिए। उल्लेखनीय है कि रमेन डेका ने 31 जुलाई 2024 को छत्तीसगढ़ के 10वें राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण किया था। इससे पहले वे असम की राजनीति में सक्रिय रहे और दो बार लोकसभा सांसद निर्वाचित हुए।