
दुर्ग। राज्य शिक्षक सम्मान वर्ष 2020 के लिए दुर्ग जिले से दो शिक्षकों का चयन हुआ है। चयनित शिक्षकों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला गोंडपेड्री के प्राचार्य डा.संजय कुमार टिकरिहा और शासकीय कन्या हायर सेंकेड्ररी स्कूल वैशाली नगर की प्राचार्य संगीता सिंग बघेल शामिल हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों का चयन इस सम्मान के लिए किया जाता है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला गोंडपेड्री के प्राचार्य डा.संजय टिकरिहा स्कूल की छुट्टी के बाद गांव के विभिन्ना वार्डों में चौपाल लगाते रहे हैं। चौपाल में स्कूल के विद्यार्थियों और पालकों को बुलाते हैं। पढ़ाई को लेकर होने वाली दिक्कतों के संबंध में वे पालकों और विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं का निराकरण करते रहे हैं।
बीमारी अथवा आर्थिक स्थिति खराब होने की दशा में वे अपने स्तर पर पालकों व विद्यार्थियों को सहयोग भी करते रहे हैं। चौपाल के माध्यम से वे गांव में पढ़ाई का माहौल भी तैयार करते रहे हैं। स्कूल से 12 वीं उत्तीर्ण कर निकलने वाले विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित करते रहे हैं। डा.संजय टिकरिहा यहां वर्ष 2003 से प्रभारी प्राचार्य और वर्ष 2009 से प्राचार्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस अवधि में स्कूल के 10 वीं 12 वीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम 95 फीसद से ऊपर आता रहा है।
शासकीय कन्या हायर सेंकेडरी स्कूल वैशाली नगर की प्राचार्य संगीता सिंह बघेल कक्षा 10 वीं और 12 वीं का अंग्रेजी विषय स्वयं पढ़ाती है। प्राचार्य होने के नाते वे छात्राओं का चहुंमुखी विकास की दिशा में भी काम करती रही है।
प्राचार्य ने बताया कि स्कूल में पढ़ाई के अलावा छात्राओं को खेलकूद,विज्ञान मेला सहित अन्य प्रतिस्पर्धाओं में भी भाग लेने के लेने प्रेरित करती हैं। विज्ञान मेला में छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया था। विद्यालय में पढ़ाई सहित खेल-कूद व अन्य स्पर्धाओं के लिए छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने में स्कूल के टीचिंग स्टाफ का भी सहयोग लेती है। छात्राओं को उनकी क्षमता के हिसाब से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाता है।
राज्य शिक्षक सम्मान 2020 के लिए जिले से दो शिक्षकों का चयन हुआ है। इसकी घोषणा गुरुवार को की गई। स्कूल में पढ़ाई सहित अन्य गतिविधियों को बेहतर बनाने की दिशा में काम करने वाले शिक्षकों का ही इस सम्मान के लिए चयन किया जाता है।
प्रवास सिंह बघेल जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग