नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई : देशभर के वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं का जमावड़ा दुर्ग में होने जा रहा है। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की मेजबानी में 48वीं भारतीय सामाजिक विज्ञान कांग्रेस का तीन दिवसीय वार्षिक अधिवेशन आयोजित होगा।
19 से 21 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश के वैज्ञानिक, शिक्षाविद, शोधार्थी, विद्यार्थी, नीति निर्माता और सामाजिक कार्यकर्ता एक मंच पर जुटेंगे। यहां विज्ञान, शिक्षा, समाज और अनुसंधान से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे और विशेषज्ञों के बीच विचार-विमर्श होगा।
इस राष्ट्रीय आयोजन में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के साथ शंकराचार्य प्रोफेशनल विश्वविद्यालय भिलाई, छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई, आईआईटी भिलाई और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर भी मेजबान संस्थान के रूप में शामिल हैं।
28 विषयगत समितियां, 21 अंतर्विषयी पैनलों में होगी चर्चा
कांग्रेस में अलग-अलग विषयों पर शोध और अकादमिक विमर्श के लिए 28 विषयगत अनुसंधान समितियां गठित की गई हैं। इनमें कृषि विज्ञान, मानवशास्त्र, इतिहास एवं संस्कृति, जैव विज्ञान, रसायन विज्ञान, वाणिज्य, कंप्यूटर विज्ञान, अर्थशास्त्र, शिक्षा, इंजीनियरिंग, पर्यावरण विज्ञान, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विज्ञान, भौतिकी, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान और समाजशास्त्र सहित अन्य विषय शामिल हैं।
इसके अलावा 21 अंतर्विषयी पैनलों में लोकतंत्र, मानवाधिकार, जलवायु परिवर्तन, जन स्वास्थ्य, गरीबी, ग्रामीण विकास, जैव विविधता तथा विज्ञान एवं सामाजिक विकास जैसे समसामयिक मुद्दों पर चर्चा होगी। अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञ अपने शोध निष्कर्ष और अनुभव साझा करेंगे।
छत्तीसगढ़ के विकास में विज्ञान की भूमिका पर विशेष चर्चा
अधिवेशन में छत्तीसगढ़ के लोगों के विकास में विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान की भूमिका पर विशेष संगोष्ठी आयोजित होगी। इसमें हिंदी, छत्तीसगढ़ी और जनजातीय भाषाओं में विज्ञान शिक्षण, आदिवासी एवं ग्रामीण समुदायों की जरूरतों, स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों, कृषि, वन, जल, स्वास्थ्य, पोषण और पर्यावरण जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही 12वां अखिल भारतीय युवा वैज्ञानिक सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। इसमें शोधार्थियों और शुरुआती करियर के शिक्षकों को अपना मौलिक शोध प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। आयोजन में खुला मंच और समूह चर्चाएं भी होंगी।