
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: राखी थाना क्षेत्र के ग्राम निमोरा स्थित जोभा तालाब की सीढ़ियों पर मिले करीब सात माह के नवजात शिशु के शव के मामले में पुलिस ने महिला अंजनी चक्रधारी और उसके प्रेमी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मर्ग जांच, पोस्टमार्टम और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने मृत शिशु की पहचान अंजनी से जुड़ी होने की बात कही है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की रात करीब आठ बजे ग्राम निमोरा निवासी पूरन लाल यादव जोभा तालाब में मुंह धोने गया था। तभी उसकी नजर तालाब की पचरी की सीढ़ियों पर पड़े एक मृत शिशु पर पड़ी। उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और डायल 112 पर सूचना दी।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। मर्ग जांच के दौरान मृत शिशु की पहचान अंजनी चक्रधारी से जुड़ी होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने अंजनी और उसके प्रेमी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
एफआइआर में अंजनी के साथ उसके प्रेमी को भी आरोपित बनाया गया है। हालांकि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव तालाब की सीढ़ियों तक कैसे पहुंचा, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में होगा महिला पेंशनरों का बड़ा सम्मेलन: मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी स्मृति ईरानी