
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग: उतई थाना क्षेत्र के ग्राम गोडपेंडरी में 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का राजफाश किया है। मृतक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी सगी बहन ने की थी। शराब पीने और आए दिन होने वाले घरेलू विवाद से परेशान होकर बहन ने सोते समय सिलबट्टे के लोढ़े से भाई के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटना के चंद घंटे के भीतर आरोपित बहन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान धर्मेंद्र पाल (40 ) के रूप में हुई है। वह रोजी-मजदूरी कर परिवार का जीवनयापन करता था। शुक्रवार को उसकी बहन ने कमरे में बिस्तर पर उसे अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी आंख के पास चोट के निशान और खून दिखाई दिया। इसके बाद स्वजनों को सूचना दी गई। घटनास्थल पर भी खून बिखरा मिला था।
सूचना मिलते ही अतरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, एसडीओपी पाटन और उतई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें- ठेका श्रमिकों की जान से खिलवाड़ बंद करे बिजली कंपनी, विद्युत मजदूर संघ ने घेरा तिफरा कार्यालय
प्रारंभिक जांच और पूछताछ में सामने आया कि धर्मेंद्र शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में आए दिन मां और बहन के साथ विवाद करता था। इससे परिवार के सदस्य परेशान रहते थे।
बताया गया कि घटना वाली रात भी धर्मेंद्र शराब के नशे में था। उसके सो जाने के बाद बहन ने सिलबट्टे के लोढ़े से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपित बहन धन्नी धनकर(43) को गिरफ्तार कर लिया है। धन्नी की शादी हो चुकी है लेकिन वह करीब चार साल से मायके में ही रह रही है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।