_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। दुर्ग जिले के बोरई-रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे में ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई।
बताया गया कि प्लांट में मशीन से निकला करीब 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक बिहार के पूर्वी चंपारण के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना 17 अक्टूबर की देर रात की है। संतोष कुमार श्रीवास्तव प्लांट में ठेकेदारी का काम करते थे।
इसी दौरान टिंडिस मशीन के एक हिस्से का नोजल अचानक नीचे आ गया, जिससे पिघला हुआ लोहा उनके शरीर पर गिर पड़ा। हादसे के बाद उन्हें तत्काल भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, उसी दिन दोपहर करीब 3.30 बजे उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- रायपुर- कुरूद और रायपुर-रावघाट के लिए आज से मिलेगी सीधी ट्रेन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे हरी झंडी
वायरल वीडियो में आग की लपटों से घिरा दिखा व्यक्ति
घटना से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति आग की लपटों से घिरा सीढ़ियों से नीचे भागता दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
मृतक के शव का पोस्टमार्टम 18 अक्टूबर को कराया गया, जिसके बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। स्वजन अंतिम संस्कार के लिए शव बिहार ले गए।
एक मजदूर की जलने से अस्पताल में मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। अब पुलिस हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही है। विजय अग्रवाल, एसएसपी, दुर्ग
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में अब सरकारी योजनाओं के लिए नहीं पड़ेगा भटकना, घर के पास लगेंगे विशेष वित्तीय शिविर