_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग: खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा जब्त की गई चार करोड़ रुपये की नकदी के सुपुर्दनामे को लेकर आवेदक द्वारा लगाए गए आवेदन पर अब 20 नवंबर को सुनवाई होगी। इसके पहले 12 नवंबर को सुनवाई की तिथि निर्धारित थी।
उल्लेखनीय है कि 25 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे खुर्सीपार पुलिस ने रायपुर-दुर्ग मुख्य मार्ग पर पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 04 क्यूयू 5996 को रोककर तलाशी ली थी। इस दौरान वाहन से चार करोड़ रुपये नकद बरामद हुए थे। वाहन में मौजूद भावेश भाई डाभी और विष्णुदेव दुबे से पूछताछ के दौरान रकम के संबंध में संतोषजनक दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 106 के तहत राशि जब्त कर जांच के लिए आयकर विभाग को सौंप दी थी।
गुजरात के गांधीनगर निवासी आवेदक कमलेश आर शाह ने 30 अक्टूबर को दुर्ग न्यायालय में अकोला अदालत के उत्तराधिकार संबंधी आदेश और अपनी दिवंगत पत्नी नीना शाह की फर्म मेसर्स मेक टेक से जुड़े दस्तावेज पेश किए थे। उन्होंने दावा किया था कि जब्त की गई रकम उनके वैध कारोबार की है।
इन तथ्यों के आधार पर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अंजली सिंह की अदालत में आवेदन लगाया गया था जिसे सुनवाई के बाद न्यायालय ने खारिज कर दिया था। वहीं पुलिस की जांच रिपोर्ट में वाहन से पकड़े गए व्यक्तियों के शुरुआती बयानों का हवाला देते हुए बताया गया कि उन्होंने रकम को जेट ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन और जय श्री गोडन मार्केट के कारोबार से संबंधित बताया था।
पुलिस के अनुसार आवेदक यह भी साबित नहीं कर सके कि वाहन में मौजूद दोनों व्यक्ति उनके कर्मचारी हैं। इसके बाद कारोबारी ने रकम सुपुर्दनामा पर लेने प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शेख अशरफ की अदालत में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर पांच नवंबर को सुनवाई होनी थी। न्यायालय ने सुनवाई की तिथि पांच नवंबर से आगे बढ़ाकर 12 नवंबर कर दिया था। अब यह तिथि 20 नवंबर तक आगे बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा के रास्ते रायपुर में नशे की बड़ी खेप खपाने की फिराक में थे तस्कर, पुलिस ने चार को दबोचा