_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। शहर के मोती ज्वेलर्स में करीब 1200 ग्राम सोने की उठाईगिरी कर फरार हुए गिरोह का बस्तर पुलिस ने राजफाश कर दिया है।
वारदात के बाद आरोपित स्कार्पियो वाहन में सवार होकर फरार हो गए और पुलिस से बचने के लिए जंगल में छिप गए, लेकिन आधुनिक तकनीक के सामने उनकी चालाकी काम नहीं आई।
पुलिस ने शहर के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों का सुराग लगाया और थर्मल इमेजिंग कैमरे से लैस ड्रोन की मदद से जंगल में उनकी लोकेशन तलाश ली।
इसके बाद चारों तरफ से घेराबंदी कर पांच वयस्क आरोपितों और एक बालिका सहित छह लोगों को पकड़ा गया, इनके पास से अब तक 765.7 ग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।
जबकि तीन अभी भी फरार हैं। इस मामले का राजफाश बुधवार को पत्रवार्ता के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, सीएसपी अंशिका जैन और कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने किया है।
गौरतलब है शहर के मोती ज्वेलर्स में सात नवंबर की शाम को उठाई गिरी की वारदात को अंजाम देने के बाद सरगना फूलों कश्यप, मासों कश्यप, पसली माड़वी, शंकर माड़वी और परमेश कश्यप स्कार्पियो क्रमांक सीजी 17 सी 3511 में सवार होकर शहर से फरार हो गए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान स्कार्पियो की पहचान हुई।
वाहन मालिक से पूछताछ करने पर उसने वाहन दुआ मोटर्स में बेचने की जानकारी दी। इसके बाद दुआ मोटर्स से पूछताछ में पता चला कि वाहन को मासों कश्यप निवासी कोड़ेनार से खरीदा था।
यह भी पढ़ें- स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ को मिले 3 राष्ट्रीय पुरस्कार, बिल्हा देश का सबसे स्वच्छ शहर
इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपितों के ठिकाने तक पहुंची। पुलिस ने पांच लोगों को अब तक गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इनके साथी मासों कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी अब भी फरार हैं।
जंगल में छिपे आरोपितों को थर्मल ड्रोन ने खोजा
पुलिस रायकोट गांव पहुंची तो आरोपितों के घरों में ताला लगा मिला। जानकारी मिली कि वे घने जंगल में छिप गए हैं। रात के अंधेरे और पेड़ों के बीच तलाश करना चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में पुलिस ने थर्मल इमेजिंग कैमरे से लैस ड्रोन की मदद ली। ड्रोन ने शरीर से निकलने वाली गर्मी यानी हीट सिग्नेचर के आधार पर जंगल में छिपे लोगों की मौजूदगी का पता लगाया।
इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपितों को पकड़ लिया। इस पूरे आपरेशन में महज दो घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपितों को घेरने में सफलता हासिल की। सीसीटीवी फुटेज से वाहन की पहचान और थर्मल ड्रोन से जंगल में आरोपितों की तलाश पुलिस की कार्रवाई के प्रमुख पहलू रहे। हालांकि, फरार तीन आरोपितों की गिरफ्तारी और शेष 434.3 ग्राम सोने की बरामदगी के लिए पुलिस की जांच जारी है।
पुरुष करते थे रेकी, महिलाएं और बच्चे भटकाते थे ध्यान
पुलिस के मुताबिक, गिरोह वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम देता था। पुरुष सदस्य पहले भीड़भाड़ वाली दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में दुकानों में पहुंचकर दुकानदार और कर्मचारियों का ध्यान भटकाते थे। इसी दौरान चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था। पूछताछ में गिरोह के सदस्यों के आपस में रिश्तेदार होने की जानकारी भी सामने आई है।
नारायणपुर में भी कर चुके हैं चोरी
पूछताछ में आरोपितों ने नारायणपुर में भी इसी तरह की चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। नगर पुलिस अधीक्षक आंशिका जैन के मुताबिक, आरोपित पेशेवर तरीके से वारदात करते थे। मोती ज्वेलर्स में उठाईगिरी करने से पहले उन्होंने अन्य दुकानों में भी प्रयास किया था, लेकिन कर्मचारियों की सतर्कता के कारण सफल नहीं हो सके।
पुलिस अब अन्य जिलों में भी उनकी आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपितों का जिले के थानों में कोई आपराधिक रिकार्ड सामने नहीं आया है।
सिक्यूरिटी गार्ड नहीं होने का फायदा उठाया
मोती ज्वेलर्स में सिक्यूरिटी गार्ड नहीं होने का फायदा आरोपितों ने उठाया। पलक झपकते ही दुकान से सोना पार बाहर निकल गए। गनीमत रही की सीसीटीवी कैमरे में आरोपितों की साफ-साफ तस्वीर आ गई। इसकी मदद से कुछ घंटों के भीतर ही पुलिस ने पहचान कर पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस का कहना है कि शहर में लगे व्यापारिक प्रतिष्ठानों और लोगों के मकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज ने आरोपितों तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई।
यह भी पढ़ें- CG Transfer: वाणिज्यिक कर विभाग में बड़ा फेरबदल, 32 अफसरों का किया गया तबादला