
अनिमेष पाल, नईदुनिया, जगदलपुर। घर का दरवाजा खुला था, लेकिन बेटी गायब थी। आसपास तलाश और रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने पुलिस की मदद ली। नारायणपुर के एक गांव में नाबालिग बेटी को खोज रहे परिवार को वह आखिरकार किशोरी सखी सेंटर में मिली, लेकिन उसके साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया। पुलिस ने पांच नवंबर को 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बेटी मिल गई, लेकिन सुरक्षा को लेकर परिवार की चिंता बरकरार रही। सवाल है कि घर से बाहर निकलने वाली बेटियां कितनी सुरक्षित हैं? बस्तर में सुरक्षा का भूगोल बदला है। अंदरूनी गांवों तक सड़कें और सुरक्षा कैंप पहुंचे हैं, प्रशासन की मौजूदगी बढ़ी है, लेकिन महिलाओं और किशोरियों के खिलाफ अपराध अब भी चुनौती बने हुए हैं।
यह भी पढ़ें- धमतरी में स्कूटी रोककर युवती का अपहरण, शोर मचाने पर गाल पर काटा
वर्ष 2024 से अक्टूबर 2026 तक बस्तर संभाग के सात जिलों में दुष्कर्म के 854 और अपहरण के 578 मामले दर्ज हुए। जगदलपुर में दुष्कर्म के 244 और अपहरण के 177 मामले सामने आए। कांकेर में क्रमशः 201 और 120 तथा कोंडागांव में 160 और 136 मामले दर्ज किए गए। बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और नारायणपुर में भी ऐसी घटनाएं हुईं। हर आंकड़े के पीछे एक पीड़िता और उसके परिवार का संघर्ष है।
• बस्तर: मोबाइल पर बातचीत के दौरान किशोरी की एक युवक से पहचान हुई। युवक ने शादी का भरोसा देकर अलग-अलग तारीखों में उसका शोषण किया। एक सितंबर 2026 को शिकायत पर पुलिस ने उसी दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
• दंतेवाड़ा: 23 वर्षीय युवक पर मई 2025 से किशोरी का शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप है। इस दौरान किशोरी गर्भवती हुई और उसने बच्चे को जन्म दिया। पुलिस ने तीन नवंबर 2026 को आरोपी को उसके गृहग्राम से गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें- Mahadev Satta App: रायपुर-बिलासपुर के क्लबों में सौरभ चंद्राकर की 200 करोड़ की हिस्सेदारी
बस्तर रेंज के आईजी बद्रीनारायण मीणा ने कहा कि महिलाओं और किशोरियों को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। प्रताड़ना, अपहरण या दुष्कर्म की घटना छिपाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। स्कूल-कॉलेजों में शक्ति टीम पॉक्सो कानून और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है। समय पर सूचना मिलने से पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सकती है। जागरूकता और कानून का भय अपराधों की रोकथाम में सहायक हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1999 में 25 नवंबर को महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन का अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किया। यह दिन 1960 में डोमिनिकन गणराज्य में तानाशाही के दौरान मारी गईं मिराबल बहनों की स्मृति में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ हिंसा रोकना और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
• 2022: 8,693
• 2023: 8,035
• 2024: 8,601
• तीन वर्षों में कुल: 25,329