
दीपक शुक्ला, नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में अब जांच का दायरा सट्टे से कमाई गई रकम के निवेश और उससे खड़े किए गए कारोबार तक पहुंच गया है। प्रमोटर सौरभ चंद्राकर द्वारा रायपुर और बिलासपुर के होटल, क्लब और रेस्टोरेंट कारोबार में बड़ी रकम निवेश किए जाने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, राजधानी के वीआइपी रोड स्थित सात बड़े होटलों के साथ क्लब और रेस्टोरेंट में करीब 200 करोड़ रुपये लगाकर साझेदारी की गई है। इसके अलावा पंडरी स्थित क्लब में भी निवेश की बात सामने आई है।
जांच एजेंसियां अब इन कारोबारों से जुड़े बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही हैं। जांच में यह देखा जा रहा है कि इन प्रतिष्ठानों में लगाया गया पैसा कहां से आया, किसके माध्यम से निवेश किया गया और वास्तविक हिस्सेदार कौन हैं। सूत्रों के अनुसार, जांच में संबंधित होटल, क्लब और रेस्टोरेंट संचालकों को बुलाकर पूछताछ भी की जा सकती है। एजेंसियां निवेश की रकम, साझेदारी के दस्तावेज और लेनदेन का मिलान करेंगी।
यह भी पढ़ें- Mahadev Satta : दुबई के विला में ‘सर’ बनकर मिला, 15 करोड़ में जजों-अफसरों को मैनेज करने का दावा
रायपुर के अलावा बिलासपुर में भी सौरभ चंद्राकर की होटल और क्लब कारोबार में हिस्सेदारी की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि बिलासपुर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में करीब 10 करोड़ रुपये लगाए गए हैं। जांच एजेंसियां इन निवेशों की भी जानकारी जुटा रही हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि रकम सीधे निवेश की गई या अलग-अलग लोगों और कंपनियों के माध्यम से कारोबार में लगाई गई।
महादेव ऑनलाइन सट्टा का नेटवर्क केवल सट्टे के पैनल तक सीमित नहीं था। जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क से कमाई गई रकम को देश-विदेश में संपत्तियां खरीदने, कंपनियों में निवेश करने और कारोबार खड़ा करने में इस्तेमाल किया गया। ईडी ने नवंबर 2026 में अदालत को बताया कि महादेव ऑनलाइन बुक और उससे जुड़ी गतिविधियों से अपराध की कमाई 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। इसमें अकेले महादेव ऑनलाइन बुक से 75 से 80 हजार करोड़ रुपये और स्काई एक्सचेंज से 11 से 12 हजार करोड़ रुपये की कमाई का अनुमान शामिल है। यह जांच एजेंसी का आकलन है, अदालत से साबित हुई अंतिम रकम नहीं।
यह भी पढ़ें- हवाला से शेयर बाजार तक, महादेव सिंडिकेट की मनी लॉन्ड्रिंग की पूरी कहानी
महादेव सट्टा का मामला वर्ष 2023 में तब देशभर में चर्चा में आया, जब सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई करीब 200 करोड़ रुपये की भव्य शादी की जानकारी सामने आई। शादी में निजी विमानों से मेहमानों को बुलाने और फिल्मी हस्तियों की मौजूदगी की चर्चा हुई थी। इसके बाद ईडी की जांच में सट्टे की रकम के हवाला के जरिए लेनदेन, फर्जी बैंक खातों, कंपनियों और विदेशों में संपत्तियां खरीदने के मामले सामने आए। सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को इस नेटवर्क का प्रमुख प्रमोटर बताया गया। दोनों पर दुबई से बैठकर अलग-अलग देशों और राज्यों में पैनल के माध्यम से सट्टे का नेटवर्क संचालित करने का आरोप है। इस नेटवर्क में पैनल संचालक, ब्रांच संचालक और अन्य सहयोगी शामिल थे। मोबाइल एप और वेबसाइट के माध्यम से लोगों को आईडी उपलब्ध कराई जाती थी और सट्टे का कारोबार चलाया जाता था।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ का डिलेवरी ब्वॉय बना सट्टा सरगना, भोपाल में रुद्र डायमंड एप से करोड़ों का दांव; 7 गिरफ्तार
ईडी की कार्रवाई में अब तक देश और विदेश में बड़ी संख्या में संपत्तियों का पता चला है। मार्च 2026 में सौरभ चंद्राकर और उससे जुड़े लोगों की दुबई स्थित करीब 1,700 करोड़ रुपये की संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश जारी किया गया था। इसमें आलीशान विला, अपार्टमेंट और बुर्ज खलीफा स्थित संपत्तियां भी शामिल थीं। जुलाई 2026 में ईडी ने इस मामले में कुल कुर्क, जब्त और फ्रीज संपत्तियों का मूल्य करीब 3,800 करोड़ रुपये तक पहुंचने की जानकारी दी थी।