
विनोद सिंह, नईदुनिया, जगदलपुर। विश्व विरासत सप्ताह में जब बस्तर की ऐतिहासिक धरोहरों की बात होती है, तो नारायणपाल का विष्णु मंदिर सबसे पहले याद आता है। जिला मुख्यालय जगदलपुर से लगभग 42 किलोमीटर दूर इंद्रावती और नारंगी नदी के संगम तट पर स्थित यह मंदिर बस्तर के इतिहास को अपने में समेटे हुए है। इतिहासकारों का दावा है कि यह प्राचीन मंदिर मूल रूप से शिव को समर्पित था। लेकिन निर्माण के कुछ ही वर्षों बाद यहां विष्णु की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ स्थापना की गई। तभी से यह मंदिर विष्णु मंदिर के नाम से प्रसिद्ध हो गया।
शिव और विष्णु की एक ही स्थान पर उपासना, बस्तर की समन्वयकारी संस्कृति का प्रतीक है। छिंदक नागवंशी काल का 12वीं शती ईस्वी में इस मंदिर का निर्माण नाग नरेश जगदेक भूषण धारावर्ष की पटमहिषी एवं सोमेश्वर देव की माता गुंड महादेवी द्वारा कराया गया था। मंदिर नागर शैली में एक जगती पर निर्मित है।
यह भी पढ़ें- फल-मिठाइयां नहीं... कचौड़ी, समोसे और मिर्ची भजिया का भोग! जानिए रायपुर के इस प्राचीन मंदिर का अनोखा सच रहस्य
इस मंदिर का सबसे बड़ा प्रमाण यहां लगा अभिलेख है। चक्रकोट के छिंदक राजपूतों की महारानी गुंड महादेवी ने कार्तिक पूर्णिमा शक संवत् 1033, अर्थात ईस्वी सन 1111 को यहां भव्य दान समारोह आयोजित किया था। इस समारोह में दो दर्जन से अधिक लोगों को भूमि दान दी गई थी। दान लेने वालों के नाम आज भी अभिलेख में स्पष्ट अंकित हैं। अभिलेख मंदिर में ही सुरक्षित है। यह इतिहासकारों, शोधार्थियों और पर्यटकों के लिए अनमोल धरोहर है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित इस मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया है, जिससे इसका स्वरूप और निखर गया है। मंदिर हमें याद दिलाता है कि बस्तर केवल प्राकृतिक सुंदरता ही नहीं, बल्कि दान, धर्म और स्थापत्य की समृद्ध परंपरा का भी धनी है।
यह भी पढ़ें- Raipur News : सैकड़ों साल से नहीं सूखी रायपुर के महामाया मंदिर की बावली
यहां प्राप्त अभिलेख में छिंदक वंशी राजाओं का राजकीय चिह्न है। जिसमें ‘सवत्स धेनु व्याघ्र’ शब्द अंकित है। जिसका अर्थ है बछड़े सहित गाय जिसकी रक्षा व्याघ्र अर्थात बाघ करते हैं। बस्तर के छिंदक वंशी राजाओं के अभिलेखों में गाय-बछड़े का चित्रांकन मिलता है जो उनके राजकीय चिह्न को प्रदर्शित करता है। अभिलेख 1111 ईस्वी में कन्हरदेव के राजत्वकाल से संबंधित है।
शासकीय शहीद बापूराव स्नातकोत्तर महाविद्यालय सुकमा में इतिहास के असिस्टेंट प्रोफेसर ओम प्रकाश सोनी ने बताया कि नारायणपाल के विष्णु मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा के भव्य दान समारोह का शिलालेख लगा हुआ है। इस शिलालेख के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा 1111 ईस्वी को महारानी गुंड महादेवी द्वारा प्रधानमंत्री आदित्य भट्ट, सूत्रधार रणवीर, मंदिर के पुजारी पुरुषोत्तम पंडित सहित सामान्य लोगों को भी कर मुक्त भूमि दान दी गई थी।