
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर: मध्यप्रदेश की शराब बस्तर के रास्ते खपाने की तैयारी थी। गोवा ब्रांड की 140 पेटी से अधिक शराब तीन वाहनों के जरिए ले जाई जा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना पर आबकारी विभाग की टीम ने दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में दबिश दी तो शराब की बड़ी खेप सामने आई।
टीम ने 1,261.8 बल्क लीटर शराब यानी 7,010 नग जब्त किए। तस्करी में इस्तेमाल हो रहे पिकअप, इक्को वाहन और मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया। शराब और वाहनों समेत जब्ती का कुल मूल्य 20 लाख 96 हजार रुपये आंका गया है।
आबकारी विभाग के वृत्त जगदलपुर की टीम ने यह कार्रवाई की। जब्त शराब मध्यप्रदेश प्रांत की बताई गई है। इसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 46 हजार 350 रुपये है। परिवहन में इस्तेमाल अशोक लीलैंड पिकअप की कीमत छह लाख, इक्को वाहन की पांच लाख और पैशन प्रो बाइक की कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में राजुर निवासी सुनील सेठिया फरार बताया गया है। वहीं चितापुर निवासी 18 वर्षीय प्रवीण बघेल और दो किशोरों के नाम भी प्रकरण में शामिल किए गए हैं। आबकारी विभाग ने आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई में विवेचक अंकित सिंह राठौर के साथ आबकारी मुख्य आरक्षक दुर्गा पटेल, शैलेष पाण्डे, आरक्षक कविश यादव और वाहन चालक हेमराज बघेल शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- पीआरए और बार्बरिक ग्रुप पर साढ़े 3 महीने की निगरानी के बाद IT का छापा, 125 करोड़ की टैक्स चोरी का हुआ पर्दाफाश