पीआरए और बार्बरिक ग्रुप पर साढ़े 3 महीने की निगरानी के बाद IT का छापा, 125 करोड़ की टैक्स चोरी का हुआ पर्दाफाश
आयकर विभाग ने पीआरए और बार्बरिक समूह के 50 ठिकानों पर 5 दिन तक छापेमारी की। इसमें 2.5 करोड़ नकद जब्त किए गए और 125 करोड़ रुपये की कर चोरी की आशंका है।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 08:02:43 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 08:02:43 AM (IST)
पीआरए और बार्बरिक ग्रुप पर साढ़े 3 महीने की निगरानी के बाद IT का छापा। (फाइल फोटो)HighLights
- पीआरए और बार्बरिक समूह पर IT विभाग की छापेमारी।
- 5 राज्यों में 50 ठिकानों पर 5 दिन चली कार्रवाई।
- 125 करोड़ रुपये से अधिक की कर चोरी का शक।
राज्य ब्यूरो, रायपुर: पीआरए और बार्बरिक कारोबारी समूह पर आयकर विभाग की कार्रवाई अचानक नहीं हुई। वित्तीय खुफिया इकाई (एफआइयू-इंड) से मिले इनपुट के बाद विभाग ने करीब साढ़े तीन महीने तक समूह की वित्तीय गतिविधियों और कारोबारी लेनदेन पर नजर रखी। इसके बाद बुधवार को रायपुर समेत बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, जांजगीर-चांपा जिले के 32 और महाराष्ट्र, झारखंड और ओड़िशा के 18 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
पांच दिन तक चली कार्रवाई में 2.50 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी जब्त करने की पुष्टि जांच अधिकारी कर रहे। अब जांच का दायरा समूह की कंपनियों, निदेशकों, बैंक खातों, लाकरों और निर्माण परियोजनाओं तक फैल गया है। आयकर विभाग को 125 करोड़ रुपये से अधिक की संभावित कर चोरी का संदेह है। फर्जी बिलिंग, खर्च बढ़ाकर दिखाने और नकद लेनदेन छिपाने की आशंकाओं पर दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है।
सोने पर हाथ नहीं लगाया, लॉकरों की जांच जारी
- छापेमारी के दौरान विभिन्न परिसरों से सोने के आभूषण भी मिले, लेकिन आयकर विभाग ने उन्हें जब्त नहीं किया। अधिकारियों ने स्वामित्व और निर्धारित सीमा के आधार पर उनकी जांच की। समूह से जुड़े लोगों के निजी और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कराब 18 लाकर भी मिले हैं। इनमें 10 खोले जा चुके हैं। इनके भीतर रखी सामग्री के संबंध में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, जबकि शेष की जांच सोमवार को होनी है।
- आयकर विभाग को मिले दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों में ऐसे लेनदेन के संकेत हैं, जिनका नियमित कारोबारी खातों में पूरा हिसाब दर्ज नहीं होने की आशंका है। हालांकि, संभावित कर चोरी का आंकड़ा प्रारंभिक है। जांच और वित्तीय रिकॉर्ड के मिलान के बाद ही वास्तविक कर देनदारी सामने आएगी।
कई कंपनियों के बीच लेनदेन की कड़ियां तलाश रहीं टीमें
- समूह का कारोबार सड़क निर्माण, हाईवे परियोजनाओं, स्पंज आयरन, इस्पात, बिजली और विनिर्माण क्षेत्र तक फैला है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि कुछ निर्माण परियोजनाओं में वास्तविक खर्च से अधिक भुगतान दर्शाया गया। इसके लिए फर्जी बिल और अन्य वित्तीय माध्यमों के इस्तेमाल की पड़ताल हो रही है।
- पीआरए इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, बार्बरिक इंडस्ट्रीज, बार्बरिक प्रोजेक्ट और पीआरए इंडस्ट्रीज सहित विभिन्न कंपनियों के कारोबारी रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं। निदेशकों राजेश कुमार अग्रवाल, महेश कुमार अग्रवाल, आयुष अग्रवाल और अभिषेक गर्ग से जुड़ी कंपनियों के लेनदेन भी जांच के दायरे में हैं।
यह भी पढ़ें- 2 करोड़ की चोरी में रायपुर पुलिस नाकाम, आरोपियों के फुटेज जारी कर मांगी मदद, 31 अक्टूबर को हुई थी चोरी
पंचनामा कर 30 ठिकानों से लौटीं आयकर टीमें
सड़क निर्माण और स्पंज आयरन से जुड़े दोनों समूह के 50 में से 30 ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई रविवार को समेट ली गई। हालांकि, अधिकांश टीमें शनिवार देर रात से बाकी ठिकानों पर जांच पूरी करने में लगी रहीं। कारोबारियों के आवास और कार्यालयों में जांच का दायरा बढ़ाया गया है। वहां टीमे डटी हुई है। बैंक खातों और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जा रहा है। सभी टीमों के लौटने के बाद ही अंतिम आंकड़े सामने आएंगे।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, जशपुर समेत कई इलाकों में बारिश; अगले तीन दिन में गिरेगा पारा