
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। शहर के पनारापारा इलाके में शनिवार रात पुरानी दुश्मनी को लेकर हुई चाकूबाजी की वारदात में 45 वर्षीय मन्नू कश्यप की जान चली गई। मोहल्ले के ही एक किशोर ने आपसी विवाद के दौरान उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। किशोर ने मन्नू के शरीर पर तीन से चार बार वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से उसे गंभीर हालत में तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- रायपुर रेलवे स्टेशन पर दो साल की बच्ची की पटककर हत्या, सौतेला पिता हिरासत में, FIR दर्ज
पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात करीब नौ बजे की है। मन्नू कश्यप और मोहल्ले के किशोर के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और उसने हिंसक रूप ले लिया। इसी बीच किशोर ने अपने पास रखा चाकू निकाला और मन्नू पर लगातार वार कर दिए। शरीर के नाजुक अंगों में गहरी चोट लगने और अधिक खून बह जाने के कारण जिला अस्पताल के डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में मां पर कड़ा से हमला देख बेटा हुआ आगबबूला, टांगी से मामा की कर दी हत्या
चाकूबाजी की इस वारदात के बाद पनारापारा क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। प्रारंभिक तौर पर पुरानी दुश्मनी को ही हमले की वजह माना जा रहा है। पुलिस टीम फरार आरोपी किशोर की तलाश करने के साथ ही विवाद की असल वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है।