
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर: दीपावली की चमक के बीच सोने के गहनों की खरीदारी करने पहुंचे ग्राहकों पर भरोसा करना एक ज्वेलर को भारी पड़ गया। ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए महिला समेत चार से छह लोगों ने ऐसी चाल चली कि दुकानदार और कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
ग्रामीण वेशभूषा में पहुंची महिला और उसके साथियों ने आभूषण देखने के बहाने दुकानदार को बातचीत में उलझाए रखा और इसी दौरान करीब 1200 ग्राम सोने के गहने लेकर चंपत हो गए। पैलेस रोड स्थित मोती ज्वेलर्स में हुई इस वारदात में चोरी गए सोने की कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम समूह के सदस्य ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे थे। इनमें ग्रामीण वेशभूषा में एक महिला भी शामिल थी। उन्होंने खरीदारी की इच्छा जताते हुए अलग-अलग आभूषण दिखाने को कहा। दुकानदार और कर्मचारी गहने दिखाने में व्यस्त हो गए। इसी का फायदा उठाकर समूह ने कथित तौर पर सोने के कड़े, हार और अन्य आभूषण पार कर दिए। वारदात के बाद सभी दुकान से निकल गए। कुछ देर बाद जब गहनों की कमी का पता चला तो दुकान में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुकान संचालक और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि समूह किस रास्ते से आया और वारदात के बाद किस दिशा में निकला।
दीपावली के कारण पैलेस रोड सहित शहर के प्रमुख बाजारों में इन दिनों ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी हुई है। ऐसे में व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र की ज्वेलरी दुकान में हुई इस बड़ी वारदात ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। करीब दो करोड़ रुपये के सोने की उठाईगिरी ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में कुत्ते ने बच्ची को काटा, रेबीज इंजेक्शन लगवाने के बाद भी हो गई मौत