कोटमी सोनार के स्कूल में बच्चों से कराया मरम्मत कार्य, वीडियो प्रसारित होने से मचा हड़कंप और उठे सवाल
अकलतरा के कोटमी सोनार स्थित स्कूल में बच्चों से मरम्मत कार्य कराने का वीडियो प्रसारित होने पर हड़कंप मच गया है। शिक्षा विभाग ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 09:59:10 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 09:59:10 PM (IST)
सीमेंट का मसाला तैयार करने और दीवारों के गड्ढों की भराई करते हुए बच्चेHighLights
- सीमेंट का मसाला तैयार करते और दीवार भरते दिखे बच्चे।
- वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी।
- जिला शिक्षा अधिकारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि, जांच का आश्वासन।
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोटमी सोनार : अकलतरा विकासखंड के ग्राम कोटमी सोनार स्थित नवीन प्राथमिक शाला बाजारपारा में छोटे-छोटे बच्चों से स्कूल का मरम्मत कार्य कराए जाने का मामला सामने आया है। बच्चों के सीमेंट का मसाला तैयार करने और दीवारों के गड्ढों की भराई करते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी है। जिला शिक्षा अधिकारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रसारित वीडियो में स्कूली बच्चे बिना किसी सुरक्षा उपकरण के अपने हाथों से सीमेंट का मसाला तैयार करते और दीवारों की भराई करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि विद्यालय की प्रधान पाठिका ने बच्चों से यह काम कराया। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय बच्चों को शिक्षा देने का स्थान है, उनसे निर्माण कार्य कराने का नहीं। इस घटना ने स्कूलों में बच्चों से गैर शैक्षणिक कार्य कराए जाने पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
20 साल से गृह ग्राम के स्कूल में पदस्थ हैं प्रधान पाठिका
मामले में यह तथ्य भी सामने आया है कि संबंधित प्रधान पाठिका रतना सोनी लगभग 20 वर्षों से अपने ही गृह ग्राम स्थित इसी विद्यालय में पदस्थ हैं। ग्रामीणों ने इतने लंबे समय तक एक ही विद्यालय में पदस्थ रहने पर सवाल उठाते हुए विभागीय निगरानी और जवाबदेही की समीक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालय में नियमित निरीक्षण और शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी की स्थिति भी जांची जानी चाहिए।
प्रधान पाठिका ने दी सफाई, स्वयं विद्यालय के गड्ढों की कर रही थीं भराई
प्रधान पाठिका रतना सोनी ने अपनी सफाई में कहा कि स्कूल के सामने आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। वहां से सीमेंट का घोल लेकर वह स्वयं विद्यालय के गड्ढों की भराई कर रही थीं। किसी काम से कार्यालय जाने के दौरान बच्चों ने सीमेंट पकड़ लिया और किसी ने वीडियो बनाकर प्रसारित कर दिया। उन्होंने उपसरपंच और वहां काम कर रहे मजदूरों से इसकी पुष्टि करने की बात कही।
यह भी पढ़ें- आयकर विभाग ने खंगाले डिजिटल रिकॉर्ड, 120 अधिकारियों ने खुलवाए 25 लॉकर; 225 करोड़ की गड़बड़ी के संकेत
जांच के बाद कार्रवाई या केवल औपचारिकता
ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रधान पाठिका के लंबे समय से एक ही विद्यालय में पदस्थ रहने के मामले की भी समीक्षा करने की मांग उठाई है। अब शिक्षा विभाग की जांच पर सबकी नजर है। सवाल यह है कि बच्चों से मरम्मत कार्य कराए जाने की पुष्टि होने पर विभाग ठोस कार्रवाई करेगा या मामला केवल जांच तक सीमित रह जाएगा।
कोटमी सोनार से संबंधित वीडियो पर कलेक्टर ने लिया संज्ञान
शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पारा कोटमी सोनार से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के मामले को कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने गंभीरता से लिया है। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को पूरे मामले की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है।
वर्जन
कोटमी सोनार प्राथमिक शाला की प्रधान पाठिका द्वारा बच्चों से काम कराए जाने की शिकायत मिली है। विद्यालय में बच्चों से इस तरह का काम कराना प्रतिबंधित है। मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के बाद संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
एम पी सिंह जिला शिक्षा अधिकारी जांजगीर