
नईदुनिया न्यूज, जांजगीर : जिले के ग्राम कुटराबोड़ हेलीपैड के पास शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या के षड्यंत्र का राजफाश किया है। पुलिस ने क्लीनिक संचालक पनगांव निवासी जोहित खरे और पामगढ़ के वार्ड आठ के पार्षद रामखिलावन जांगड़े की मौत के मामले में पनगांव निवासी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार किया है।
आरोपित ने 10 लाख रुपये की उधारी लौटाने के दबाव में शराब में सुहागा मिलाकर दोनों को पिला दिया था। घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र की है। एसपी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि जोहित खरे ने करीब चार महीने पहले आरोपित राजा खरे को 10 लाख रुपये उधार दिए थे। रकम लौटाने के लिए आरोपित ने 5.50 लाख और छह लाख रुपये के दो चेक दिए, लेकिन दोनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद जोहित लगातार रकम वापस मांग रह था।
घटना वाले दिन भी फोन पर पैसों को लेकर बातचीत हुई थी। आरोपित ने मुकेश कश्यप से शराब मंगवाई और जोहित खरे व रामखिलावन जांगड़े को हेलीपैड के पास बुलाया। आरोप है कि उसने शराब में सुहागा मिलाकर दोनों को पिला दिया। तबीयत बिगड़ने पर दोनों को बिलासपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- रायपुर में पटवारी कार्यालय के ठीक सामने पाट दी सरकारी नहर, अवैध प्लॉटिंग का बड़ा खेल उजागर
मृतक की बेटी मनीषा खरे की शिकायत पर पुलिस ने घटनास्थल के पुनर्निर्माण के आधार पर जांच की। आरोपित के पास से पुलिस ने शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की है।