खोखरा हत्याकांड का खुलासा, गब्बर की मदद से पुलिस ने रायपुर से पकड़ा कौशल सूर्यवंशी
जांजगीर के खोखरा में उधारी विवाद में युवक की हत्या हुई, ट्रैकर डॉग गब्बर की मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपित कौशल सूर्यवंशी को रायपुर से पकड़ा।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 05:37:02 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 05:37:02 PM (IST)
घटनास्थल में ट्रैकर डॉग गब्बर, मुख्य आरोपित कौशल सूर्यवंशीHighLights
- उधारी के पैसों के विवाद में युवक की हत्या हुई।
- ट्रैकर डॉग गब्बर घटनास्थल से आरोपित के घर तक पहुंचा।
- मुख्य आरोपित कौशल सूर्यवंशी को पुलिस ने रायपुर से पकड़ा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर : ग्राम खोखरा में उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने मुख्य आरोपित को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने विवाद के दौरान पत्थर से युवक के सिर पर वार कर उसकी हत्या करना स्वीकार किया है। इस मामले में एक अन्य आरोपित इतवारी सूर्यवंशी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे की है। ग्राम खोखरा निवासी देवनारायण सूर्यवंशी, कौशल सूर्यवंशी और इतवारी सूर्यवंशी सहित तीनों एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर देवनारायण के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। 19 नवंबर को कमल सूर्यवंशी की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फारेंसिक साइंस की सीन आफ क्राइम यूनिट और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। जांच के दौरान ट्रेकर डॉग ‘गब्बर’ घटनास्थल से सीधे मुख्य आरोपित कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचा था। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह फरार मिला। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी।
यह भी पढ़ें- कोरबा में सेतु निगम ने आठ स्थलों को किया चिह्नित, पांच पुलों का प्रस्ताव बजट में भेजा, 40 गांवों को फायदा
एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए कौशल सूर्यवंशी (40), निवासी सूर्या चौक, खोखरा को रायपुर से पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में एएसपी डा. यूलैंडन यॉर्क और सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस टीम जुटी रही।