नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: जिले में गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 495 सड़कों का निर्माण किया जा चुका है। इसके बाद भी कई गांव नदी और नालों के कारण सीधे मुख्य मार्ग से नहीं जुड़ पाए हैं। इन गांवों के लोगों को आवागमन के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इस समस्या को दूर करने के लिए सेतु निगम ने जिले में आठ ऐसे स्थलों को चिह्नित किया है, जहां पुल निर्माण की आवश्यकता है। इन पुलों के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर नए वित्तीय वर्ष के बजट में शामिल करने भेजा गया है।
पुलों के निर्माण से करीब 40 गांवों की तीन लाख आबादी को आवागमन की सुविधा मिलेगी। इन क्षेत्रों के लोगों को वर्तमान में करीब 450 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, जो पुल बनने के बाद घटकर लगभग 210 किलोमीटर रह जाएगी।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए कई योजनाओं के तहत सड़कें बनाई गई हैं, लेकिन नदी और नालों के कारण कुछ गांवों का संपर्क अब भी बाधित है। छुरी-कसरेंगा, गोपालपुर-नवापारा सहित कई क्षेत्रों में पुल नहीं होने से ग्रामीणों को दूसरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। सेतु निगम ने ऐसे आठ स्थलों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित किया है।
प्रस्तावित पुलों के निर्माण से ग्रामीणों को न केवल दूरी कम तय करनी पड़ेगी, बल्कि समय और संसाधनों की बचत भी होगी। कसरेंगा से छुरी के बीच अहिरन नदी पर प्रस्तावित पुल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके निर्माण से हरदीबाजार और दीपका तहसील क्षेत्र सीधे अजगरबहार तहसील से जुड़ जाएंगे।
वर्तमान में हरदीबाजार से अजगरबहार पहुंचने के लिए कोरबा और रूमगड़ा होकर करीब 60 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। कसरेंगा से झोरा होकर पुल के रास्ते यह दूरी घटकर लगभग 30 किलोमीटर रह जाएगी। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और समय की बचत होगी।
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर, बिलासपुर स्टेशन पर बदला इन दो ट्रेनों का प्लेटफॉर्म
चैतमा के पास नरसिंहगंगा नाला पर गोपालपुर और नवापारा के बीच पुल निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। पुल बनने से पाली से कटघोरा विकासखंड तक पहुंचने की दूरी करीब 20 किलोमीटर रह जाएगी। वर्तमान में मुख्य मार्ग से होकर इस क्षेत्र तक पहुंचने में लगभग 50 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। पुल बनने से दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा और ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में सुविधा मिलेगी।
खारून नदी पर लहरापारा और कुंभीपानी के बीच पुल निर्माण का प्रस्ताव है। इसके बनने से पाली क्षेत्र के लोगों की पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड तक पहुंच आसान होगी। इसी तरह पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में टेंटी नाला पर लोड़ीबहरा से मातिन के बीच पुल निर्माण की योजना है। इन पुलों के बनने से दूरस्थ गांवों का संपर्क बेहतर होगा और ग्रामीणों को मुख्य मार्गों तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
खोलार नाला पर पुल की स्वीकृति, लेकिन काम शुरू नहीं
कटघोरा विकासखंड के खोलार नाला पर भैरोताल से कपाटमुड़ा के बीच पुल निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इस पुल के बनने से 40 से अधिक गांवों की राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। अन्य प्रस्तावित पुलों के निर्माण के लिए नए वित्तीय वर्ष के बजट में स्वीकृति मिलने का अनुमान है। बजट में राशि मिलने के बाद निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
विकास कार्यों के साथ स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे
प्रस्तावित पुलों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। नवापारा, गोपालपुर, मातिन सहित दूरस्थ गांवों के लोगों को शहर और अन्य प्रमुख क्षेत्रों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। शिक्षा, चिकित्सा और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय करने की मजबूरी कम होगी।
आवागमन सुगम होने से स्थानीय स्तर पर व्यापार, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इससे ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ जीवनशैली में सुधार की संभावना है।
पांच साल से तैयार झोरा पुल, एप्रोच मार्ग अब भी अधूरा
पुल निर्माण के प्रस्तावों के बीच झोरा पुल का मामला भी सामने है। पुल का निर्माण करीब पांच साल पहले पूरा हो चुका है, लेकिन एप्रोच मार्ग नहीं बनने के कारण इसका उपयोग लंबे समय से प्रभावित रहा है।
पहुंच मार्ग निर्माण में निजी जमीन की बाधा सामने आई थी। समस्या के समाधान के बावजूद एप्रोच मार्ग का निर्माण अब तक अधूरा है। ऐसे में पुल तैयार होने के बाद भी ग्रामीणों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। यह स्थिति ग्रामीण संपर्क व्यवस्था के लिए जरूरी पुलों के साथ पहुंच मार्ग निर्माण को भी प्राथमिकता देने की आवश्यकता दर्शाती है।
इन स्थानों पर प्रस्तावित है पुल
पुल का नाम लागत राशि (करोड़ में) नाला का नाम लंबाई मीटर
- कसरेंगा से छुरी 15 अहिरन 480
- गोपालपुर से नवापारा 14 नरसिंह गंगा 390
- लहरापारा से कुंभीपानी 16 खारून 495
- लोड़ीबहरा से मातिन 13 टेंटी 380
वर्जन
कसरेंगा-छुरी, गोपालपुर-नवापारा सहित पांच स्थानों में पुल निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया हैं। स्वीकृति मिलते ही निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। भैरोताल कपाटमुड़ा पुल स्वीकृत हो चुका है। निर्माण की प्रगति की जानकारी ली जाएगी।
एमएम ओहदार, कार्यपालन अभियंता, सेतुनिगम