
नईदुनिया न्यूज, अकलतरा: नगर पालिका अकलतरा क्षेत्र में भीषण गर्मी और लगातार गिरते भूजल स्तर के कारण पेयजल संकट विकराल रूप लेता जा रहा है। नगर के अधिकांश वार्डों में जलापूर्ति प्रभावित होने से लोगों को रातभर जागकर पानी भरने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है। सीमित समय के लिए हो रही जलापूर्ति के कारण नागरिकों को दैनिक जरूरतों के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इस समस्या को लेकर शुक्रवार और शनिवार को नगरवासियों का गुस्सा फुट पड़ा और वे सड़क पर उतर आए।
शुक्रवार को रात में और शनिवार की सुबह लोगों ने पानी की समस्या को लेकर चक्का कर दिया। मौके पर एसडीएम सुमित बघेल और नगर पालिका सीएमओ संजय सिंह पहुंचे। उन्होंने नगर वासियों को दो दिन के भीतर व्यवस्था में सुधार करते हुए समस्या दूर करने का आश्वासन दिया जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और चक्काजाम समाप्त किए।
अकलतरा नगर में इन दिनों पानी की समस्या आम जनजीवन पर भारी पड़ रही है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार नगर के विभिन्न वार्डों में नलों से पानी केवल 10 से 20 मिनट के लिए ही आ रहा है। इतने कम समय में सभी परिवार अपनी आवश्यकतानुसार पानी संग्रह नहीं कर पा रहे हैं, जिससे पेयजल के साथ-साथ घरेलू कार्यों के लिए भी परेशानी बढ़ गई है। नगरवासियों का कहना है कि जल संकट के कारण उन्हें देर रात तक जागकर पानी भरना पड़ता है।
कई इलाकों में पानी की आपूर्ति अनियमित होने से लोग रातभर नलों के आने का इंतजार करते हैं। इस समस्या को देखते हुए शुक्रवार की रात नौ बजे वार्ड 14 के नागरिकों ने आंबेडकर चौक पर चक्काजाम कर दिया। इस आंदोलन को समाप्त हुए घंटेभर हुआ नहीं था कि रात 11 बजे थाना रोड के लोगों ने शास्त्री चौक में एकत्र होकर आंदोलन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ने समझाइश दी तब वे शांत हुए। इसके बाद शनिवार की सुबह नल में पानी नहीं आने के कारण सात बजे बस्ती की महिलाएं सड़क पर उतर आई। सूचना मिलने पर एसडीएम सुमित बघेल, सीएमओ संजय सिंह और थाना प्रभारी भास्कर शर्मा मौके पहुंचे। एसडीएम और सीएमओ ने दो दिन के भीतर पेयजल की सप्लाई में सुधार करते हुए समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया तब चक्काजाम समाप्त हुआ।
आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेयजल संकट
यह स्थिति केवल नगर तक सीमित नहीं है, बल्कि अकलतरा के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेयजल संकट गहराता जा रहा है। जल स्तर में लगातार गिरावट और बढ़ती गर्मी ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में हालात और भी विकट हो सकते हैं।
जल संकट से राहत दिलाने की मांग
क्षेत्र के लोगों ने जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका प्रशासन और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पेयजल व्यवस्था में सुधार करने तथा दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि जल संकट से राहत दिलाने के लिए वैकल्पिक जल स्रोतों की व्यवस्था और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है।
यह भी पढ़ें- आरटीआई में देरी पर जुर्माना अनिवार्य नहीं; छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट, पढ़े पूरा क्या कहना है कोर्ट का