नईदुनिया न्यूज, जांजगीर : धान खरीदी केंद्र सिवनी में कार्यरत 22 हमाली मजदूर अपनी मेहनत की कमाई पाने के लिए पिछले तीन माह से दर-दर भटकने को मजबूर हैं। मजदूरों का आरोप है कि धान खरीदी, तौल, सिलाई, स्टेकिंग और लोडिंग का कार्य पूरा करने के बावजूद उन्हें अब तक मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। भुगतान नहीं मिलने से नाराज मजदूर मंगलवार को एक बार फिर कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच कर बकाया राशि दिलाने की मांग की।
शिकायतकर्ता हमालों के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान ग्राम सिवनी स्थित धान खरीदी केंद्र में उपार्जन कार्य के लिए हमाल मुकद्दम अहिवरण कश्यप एवं मोहपाल कश्यप के माध्यम से समिति प्रबंधक ललित देवांगन तथा धान खरीदी प्रभारी महावीर बरेठ के साथ प्रति क्विंटल 10 रुपये की दर से भुगतान करने का लिखित अनुबंध किया गया था। इसके लिए नोटरीकृत स्टाम्प पर सहमति भी बनाई गई थी, जिसकी प्रति समिति के पास सुरक्षित होने का दावा किया गया है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर सीएमडी कॉलेज में कुलपति का औचक धावा; परीक्षा केंद्र में मोबाइल के उपयोग पर जताई नाराजगी
समिति प्रबंधन कर रहा लगातार टालमटोल
शिकायतकर्ता महिपाल और उनके साथी हमालों ने बताया कि कुल 22 लोगों ने धान खरीदी, तौल, सिलाई, स्टेकिंग और लोडिंग सहित अन्य कार्य पूरे किए। धान खरीदी समाप्त हुए महीनों बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें मजदूरी की एक भी राशि प्राप्त नहीं हुई है। मजदूरों का आरोप है कि भुगतान की मांग करने पर समिति प्रबंधन लगातार टालमटोल कर रहा है।
बैंक से हमाली भुगतान किया जा चुका है जारी
शिकायतकर्ता महिपाल और उनके साथी हमालो ने आशंका जताई है कि हमाली भुगतान की राशि किसी अन्य खाते में जारी कर दी गई होगी। इस संबंध में जब उन्होंने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा चांपा से जानकारी ली गई तो वहां से बताया गया कि हमाली भुगतान किया जा चुका है। जबकि मजदूरों का दावा है कि उन्हें अब तक एक रुपये का भी भुगतान नहीं मिला है।
कलेक्टर, से लेकर उप पंजीयक तक शिकायत
मामले की शिकायत कलेक्टर, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जांजगीर के नोडल अधिकारी तथा सहकारी संस्थाओं के उप पंजीयक से भी की गई है। शिकायतकर्ताओं में महिपाल, रामसागर, तीजराम, बिनेश कुमार, लक्ष्मीनारायण, हरिशंकर, प्रेमसिंह, गणेशराम कश्यप, दूजराम, अहिवरण, मधुसूदन, चंद्रमणी, गुलशन, दिलहरण, आशाराम, राजू, राजेश, भागवत सहित 22 हमाल शामिल हैं।
जांच अधिकारी ने जारी किया नोटिस
केंद्रीय सहकारी बैंक शाखा चांपा के सुपरवाइजर संतोष कुमार सोनी ने बताया कि मजदूरों की शिकायत प्राप्त होने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर 15 जून को मौके पर पहुंचकर जांच की गई। शिकायतकर्ताओं, समिति पदाधिकारियों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि केसीसी प्रकरण में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर समिति को नोटिस भी जारी किया गया है।
समिति अध्यक्ष बोले- शीघ्र होगा भुगतान
सेवा सहकारी समिति मर्यादित सिवनी के अध्यक्ष प्रमोद देवांगन ने कहा कि हमालों की कुछ मजदूरी राशि शेष है। समिति की बैठक आयोजित कर बकाया भुगतान जल्द कर दिया जाएगा। वहीं धान खरीदी केंद्र के प्रभारी महावीर बरेठ का कहना है कि मजदूरों को एक किश्त का भुगतान किया जा चुका है तथा शेष राशि का भुगतान भी कराया जाएगा।
मजदूरों ने केंद्र प्रभारी के दावे को बताया गलत
हमाल रामसागर ने समिति प्रबंधन के दावे को खारिज करते हुए कहा कि किसी भी मजदूर को एक रुपये का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि भुगतान हुआ है तो संबंधित दस्तावेज और प्रमाण सार्वजनिक किए जाएं। मजदूरों का कहना है कि जांच के दौरान अधिकारियों के समक्ष भी उन्होंने स्पष्ट रूप से बताया है कि उन्हें अब तक कोई मजदूरी नहीं मिली है।