PM-Samman Nidhi: जांजगीर-चांपा के किसानों की बल्ले-बल्ले, 1.21 लाख खातों में पहुंचे 24.75 करोड़ रुपये
कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती, मिट्टी परीक्षण और रबी फसलों का रकबा बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 09:06:04 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 09:06:04 PM (IST)
कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी और किसान।HighLights
- जांजगीर जिले के 1.21 लाख किसानों के खाते में पहुँचे 24.75 करोड़।
- प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात से जारी की पीएम किसान की 24वीं किस्त।
- कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उमड़े किसान।
नईदुनिया न्यूज, जांजगीर: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 1 लाख 21359 किसानों के बैंक खातों में 24.75 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से योजना की 24वीं किस्त जारी करते हुए देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर-चांपा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका आयोजन कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के उप संचालक राकेश कुमार शर्मा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को रबी फसलों के अंतर्गत धान के साथ-साथ दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि फसल उत्पादन और भूमि की उर्वरता बेहतर बनाने के लिए मिट्टी परीक्षण कराना आवश्यक है।
किसानों को मिट्टी परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरकों के उपयोग की सलाह भी दी गई। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डा. केडी महंत ने प्राकृतिक खेती के महत्व और लाभों की जानकारी देते हुए किसानों को इसके लिए प्रेरित किया। उन्होंने जीवामृत एवं बीजामृत तैयार करने की विधि और फसलों में इनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और खेती की लागत कम करने के लिए प्राकृतिक खेती को अपनाने पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें- जांजगीर—चांपा में सनसनीखेज वारदात, 4 साल के प्रेम संबंध के बाद युवती ने प्रेमी पर फेंका एसिड
विकासखंड और ग्राम पंचायतों में भी हुआ सीधा प्रसारण
जिला स्तरीय कार्यक्रम में 123 से अधिक किसान एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। किसानों को सीधा प्रसारण दिखाया वहीं विकासखंड स्तर पर 320 किसानों तथा ग्राम पंचायत स्तर पर 2,116 से अधिक कृषकों को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान किसानों ने योजना के तहत जारी किस्त की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। 0-0