
नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर-चांपा। जिले में शनिवार को वर्षा के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घटना बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम महुदा की है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार शनिवार को अचानक मौसम बदला और तेज वर्षा शुरू हो गई। इस दौरान सब्जी बाड़ी में काम करने गए छह लोग वर्षा से बचने के लिए एक झोपड़ीनुमा घर में रुके हुए थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य झुलसकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने बताया कि मृतकों में नरेश खैरवार (24), पिता रामू खैरवार, निवासी महुदा, रामभरोश पटेल (32), पिता कंश राम पटेल और तुलसी राम पटेल (51), पिता बेदराम पटेल शामिल हैं।
वहीं हादसे में अंजू पटेल (26), पति रामभरोश पटेल, दुलारा बाई पटेल (46), पति तुलसी पटेल और बैशाखू (32), पिता रामू खैरवार घायल हुए हैं। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
यह भी पढ़ें- CG Weather: छत्तीसगढ़ में 22-23 सितंबर से भारी बारिश का अलर्ट, प्रदेश में फिर सक्रिय होगा नया सिस्टम
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद महुदा गांव में शोक का माहौल है।