प्रशिक्षु एसआई पर मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का आरोप: मालखरौदा थाने में लिखित शिकायत से हड़कंप
मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम छोटे सीपत निवासी बुंदेश्वर सोनी ने प्रशिक्षु एसआई जयराम साहू और अन्य पुलिसकर्मियों पर घर में घुसकर मारपीट करने, जातिसूच...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 10 Aug 2026 09:09:32 AM (IST)Updated Date: Mon, 10 Aug 2026 09:09:32 AM (IST)
थाना मालखरौदाHighLights
- ग्रामीण ने पुलिसकर्मियों पर लगाए प्रताड़ना के दाग।
- जमानत के नाम पर 40 हजार रुपये ऐंठने का गंभीर आरोप।
- जातिसूचक टिप्पणी और सार्वजनिक अपमान का आरोप।
नईदुनिया प्रतिनिधि, मालखरौदा : ग्राम छोटे सीपत निवासी बुंदेश्वर सोनी ने मालखरौदा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर प्रशिक्षु एसआई जयराम साहू सहित कुछ पुलिसकर्मियों पर मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता ने कथित रूप से जमानत के नाम पर 45 हजार रुपये मांगने और 40 हजार रुपये नकद लिए जाने का भी आरोप लगाया है। उसने मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक 16 जुलाई की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच शराब को लेकर हुए विवाद के बाद प्रशिक्षु एसआई जयराम साहू, आरक्षक हरीश कुमार चन्द्रा सहित अन्य लोग उसके घर पहुंचे।
आरोप है कि वहां उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके बाल पकड़कर उसे जमीन पर घसीटा गया और सिर को दीवार की ओर पटका गया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची घर की महिलाओं के साथ भी कथित रूप से मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया।
जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप
बुंदेश्वर ने शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान प्रशिक्षु एसआई ने उसके साथ जातिसूचक गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उसका आरोप है कि अगले दिन 17 जुलाई को जब उसके गांव के वरिष्ठ लोग मामले की जानकारी मिलने पर थाने पहुंचे, तब भी उसके साथ सार्वजनिक रूप से जातिसूचक टिप्पणी की गई।
यह भी पढ़ें- स्कूली छात्र की शरारत से दहशत में खरौद; एआई का खतरनाक खेल, रची मगरमच्छ की कहानी
जमानत के नाम पर पैसे लेने का आरोप
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे बाद में मुचलके पर जमानत दी गई। आरोप है कि जमानतदार के माध्यम से उसे छोड़ने के लिए 45 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत में कहा गया है कि भय के कारण उसने 40 हजार रुपये नकद प्रशिक्षु एसआई जयराम साहू, आरक्षक हरीश कुमार चंद्रा और यादराम चन्द्रा को दिए।
शिकायत के अनुसार, घटना के बाद बुंदेश्वर की तबीयत बिगड़ने लगी और चक्कर आने पर साथी प्रकाश कुंवर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालखरौदा लेकर गया। पीड़ित ने कहा है कि घटना के बाद से वह मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान है तथा उसे अपनी जान का भय बना हुआ है।
आबकारी एक्ट में झूठा मामला दर्ज करने का आरोप
बुंदेश्वर ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत झूठा प्रकरण दर्ज किया गया। उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।