
नईदुनिया प्रतिनिधि,जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी के परिवार ने देश पर आपातकाल थोपकर लोकतंत्र की हत्या की और जनता पर अत्याचार कर परिवारों को बर्बाद किया। अब विदेशी ताकतों की शह पर देश को अस्थिर करने के लिए संविधान बचाने का झूठा ढोंग किया जा रहा है।
देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास को देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी। साय रणजीता स्टेडियम में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा के तहत आयोजित आमसभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। जिले के दूरदराज के क्षेत्रों से हजारों लोग पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे। मुख्यमंत्री का भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि इंडी गठबंधन का लोकतंत्र से विश्वास उठ गया है। वह वोट की जगह अराजकता पैदा कर सत्ता बदलने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसकी साजिश सफल नहीं होगी। भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा इंदिरा गांधी का निर्वाचन अवैध घोषित किए जाने के बाद कांग्रेस ने सत्ता बचाने के लिए 1975 में आपातकाल लगाया और करीब दो साल तक जनता पर अत्याचार किया। उन्होंने इसे वोट चोरी बताया।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने इंडी गठबंधन को “नाराज फूफाओं की टोली” बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की यह बात याद करनी चाहिए कि जो चुनाव नहीं जीत सकते, वे सड़क पर आंदोलन करते हैं। भाजपा 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर काम कर रही है, जबकि कांग्रेस और इंडी गठबंधन अराजकता फैलाने की साजिश कर रहे हैं। इसका जवाब देने के लिए भाजपा सड़क पर उतरी है। सभा को रायगढ़ के सांसद राधेश्याम राठिया और जशपुर की विधायक रायमुनि भगत ने भी संबोधित किया।
यह भी पढ़ें- दीवाली पर भोपाल–बिलासपुर–भोपाल एक्सप्रेस में जाेड़ा एक अतिरिक्त कोच, निर्धारित अवधि तक ही सुविधा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 55 साल से अधिक समय तक सत्ता में रही कांग्रेस ने विकास के नाम पर खोखले नारे दिए और घोटालों के नए रिकॉर्ड बनाए। इससे जनता का विश्वास कांग्रेस से उठ गया और कभी पूरे देश में शासन करने वाली पार्टी आज एक-दो राज्यों तक सिमट गई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश के विकास और जनता के हित की बात करती है, जबकि कांग्रेस अराजकता फैला रही है। साय ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में पाकिस्तान के साथ शांति वार्ता के नाम पर सरकार डरी रहती थी। इसी दौरान पाकिस्तानी सैनिकों ने भारत के एक जवान का सिर काटकर उसे अपमानित किया था। मोदी सरकार ने पाकिस्तान में घुसकर कार्रवाई की, जिसके बाद उसकी बोलती बंद हो गई। मुख्यमंत्री ने लोगों से गांव और मोहल्लों में जाकर कांग्रेस के वोट चोरी के दावों की सच्चाई बताने की अपील की।
पद यात्रा मे शामिल हुए सीएम
सभा के बाद मुख्यमंत्री के नेतृत्व में रैली रणजीता स्टेडियम से रवाना हुई। यह सिटी कोतवाली, जय स्तंभ चौक, बालाजी मंदिर, महाराजा चौक, बजरंग बली चौक और पुरानी टोली से होते हुए स्टेडियम में समाप्त हुई। लोग हाथों में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे।