
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रेल यात्रियों की बढ़ती संख्या एवं अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे द्वारा भोपाल–बिलासपुर–भोपाल एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त शयनयान श्रेणी का कोच लगाने का निर्णय लिया गया है।
इस व्यवस्था के तहत गाड़ी संख्या 18236 बिलासपुर–भोपाल एक्सप्रेस में 4 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक तथा गाड़ी संख्या 18235 भोपाल–बिलासपुर एक्सप्रेस में 6 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक एक अतिरिक्त शयनयान कोच लगाया जाएगा।
अतिरिक्त कोच के जुड़ने से ट्रेन में शयनयान श्रेणी की बर्थ की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे अधिक यात्रियों को आरक्षित सीटों की सुविधा मिल सकेगी और उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। इस अस्थायी व्यवस्था के बाद ट्रेन में कुल कोचों की संख्या 13 हो जाएगी।
त्योहारों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने चर्लपल्ली-दानापुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 07051 चर्लपल्ली-दानापुर स्पेशल दो, नौ और 23 नवंबर को रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 4:50 बजे जबलपुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 07052 दानापुर-चर्लपल्ली स्पेशल तीन, 10 और 24 नवंबर को चलेगी, जो अगले दिन सुबह 9:45 बजे जबलपुर पहुंचेगी। ट्रेन का पश्चिम मध्य रेल इटारसी, कटनी, मैहर और सतना में भी ठहराव रहेगा। इसमें एसी, स्लीपर, जनरल सहित कुल 24 कोच रहेंगे। ट्रेन का काजीपेट जंक्शन, रामागुंडम, बेलमपल्ली, सिरपुर कागजनगर, बल्लारशाह, नागपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर एवं आरा स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।
यह भी पढ़ें- बाहर खाने के शौकीनों सावधान : जबलपुर में सिद्धी विनायक रेस्टोरेंट में टाॅयलेट के पानी से बन रहा था खाना