
नईदुनिया न्यूज,पत्थलगांवः छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र से एक गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। शिक्षक द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस द्वारा आरोपित के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। जानकारी के अनुसार पत्थलगांव परियोजना के अंतर्गत कार्यरत एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने ग्राम पंचायत किलकिला अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला इमलीटिकरा में पदस्थ शिक्षक रत्नाकर खुंटिया पर उसके साथ अभद्रता का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
महिला की शिकायत के मुताबिक आरोपित शिक्षक रत्नाकर खुटिया जब शासकीय प्राथमिक शाला नारायणपुर में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ था उसी समय से आंगन बाडी केन्द्र में आता-जाता था। बाद में उसे रत्नाकर खुटिया ग्राम किलकिला शासकीय प्राथमिक शाला इमलीटिकरा में पदस्थ कर दिया गया। शिकायत में महिला का कहना है कि आरोपित बीते कई दिनों से रास्ते में कहीं भी आते-जाते अकेला देखकर उसका पीछा करता है।
उसने आरोपित पर उसकी सहेलियों से भी उसके बारे में बार - बार पूछताछ करने का आरोप लगाने के साथ ही गलत काम करने के लिए उकसाने और उसकी बात नहीं मानने पर देख लेने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। महिला का कहना है कि लोक लाज के भय से उसने किसी को यह बात नहीं बताई।
उसका कहना है कि घटना दिनांक को लगभग 10 बजे वह आंगनबाडी गई थी और वहां से बच्चों की छुट्टी के पश्चात् परियोजना अधिकारी प्रभा सरोजिनी नामदेव के बुलावे पर पत्थलगांव परियोजना कार्यालय में रजिस्टर अवलोकन के लिए पहुंची और सूचना के अधिकार के तहत आवेदनकर्ता जयंती खुंटिया को समस्त दस्तावेजों का अवलोकन करा दिया।
शिकायत में महिला का कहना है कि उसी समय रत्नाकर खुटिया वहां पर आया और उसे दस्तावेज दिखाने की जिद करने लगा। महिला के मुताबिक उसने सूचना के अधिकार का रजिस्टर दिखाने से मना किया तो आरोपित शिक्षक उस पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए उसके साथ अभद्रत बातें और गाली गलौच करने लगा। आपत्ति जताने पर उसने महिला को जान से मार देने की धमकी भी दी।
जिससे उसका मानसिक संतुलन खराब हो गया और वह बेहोश होकर वहीं पर गिर गयी। महिला को शासकीय वाहन से सिविल अस्पताल लाया गया जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार आया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस द्वारा आरोपित शिक्षक के खिलाफ धारा 78(2), 296 तथा 351(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में 10वीं के छात्र का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई, पॉलिटेक्निक कॉलेज में लाठी-डंडों से पीठा, वीडियो वायरल