
नईदुनिया प्रतिनिधि,जशपुरनगरः दो अलग-अलग कार्रवाई में जशपुर पुलिस ने 520 किलो गांजा सहित चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों में एक महिला भी शामिल है। गांजा की यह खेप ओडिसा से छत्तीसगढ़ होेते हुए बिहार व मध्यप्रदेश की ओर जा रही थी। एसपी डा लाल उमेद सिंह ने बताया कि पहली कार्रवाई बुधवार की रात को कुनकुरी थाना क्षेत्र में हुई।
रात्रि गश्त को निकली कुनकुरी पुलिस की टीम ने तेज रफ्तार से जा रही एक पिकप को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान पुलिस ने इस पिकप से छः बोरी से गांजा के 120 पैकेट बरामद किये। इस कार्रवाई में पुलिस ने बिहार के रोहतास जिले के अंगड़े थाना क्षेत्र के नेकरा निवासी अनवर अंसारी 45 वर्ष और बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के दादर निवासी दिनेश केसरी को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी सिंह ने बताया कि इसी कार्रवाई के दौरान कुनकुरी पुलिस की टीम ने पुलिस टीम को देख कर तेजी से भागने का प्रयास कर रही एक सेल्टोस कार का पीछा किया। पुलिस को पीछे आते देख कर सलियाटोली के पास कार सवार वाहन छोड़ कर भाग गए। कार की तलाशी लिये जाने पर गांजा के 120 पैकेट जब्त किये गए। कार छोड़ कर भागे तस्करों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन से एक दिन पहले घर में छाया मातम, जशपुर में दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत
तीसरी कार्रवाई जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में हुई। यह मुखबीर की सूचना पर वाहनों की जांच कर रही नारायणपुर पुलिस की टीम ने एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोक कर जांच की तो इसकी डिक्की से 26 किलो गांजा जब्त किया गया।
कार में सवार तस्करों की पहचान मध्य प्रदेश के शिवपुरी निवासी कमल किशोर ओझा 56 वर्ष और अनिता सोनी 35 वर्ष के रूप में की गई है। इन सभी तस्करों के विरूद्व एनडीपीएस एक्ट के अंर्तगत अपराध पंजिबद्व कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वाहन और गांजा के जखीरे को जब्त कर लिया है।