
नईदुनिया प्रतिनिधि,जशपुरनगरः गलत दिशा में तेज रफ्तार से कार चला कर आरोपित ने चार राहगिरों को चपेट में ले लिया। घटना में चार राहगिर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस दौरान दो कार और चार बाइक क्षतिग्रस्त हो गए थे। मामले में पुलिस ने आरोपित कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बटुराबहार के रहवासी पीड़ित बोधलाल नायक 22 वर्ष, रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह अपने भतीजे खेमचंद नायक एवं अन्य साथी सीताराम नायक, संदीप चैहान के साथ खेमचंद नायक की आल्टो कार क्रमांक सीजी 04केक्यू 4824 से मोटरसाइकिल खरीदने के लिए पालीडीह स्थित जिंदल बजाज मोटरसाइकिल शो-रूम आया हुआ था। इसी दौरान उसका दोस्त विके बंजारा भी अपनी मोटरसाइकिल से शो-रूम पहुंचा था।
सभी लोगों ने अपने वाहन शो-रूम के सामने सड़क किनारे खड़ा किए थे। तथा मोटरसाइकिल देखने के लिए शो-रूम के अंदर चले गए थे। शाम करीब पांच बजे जब सभी लोग शो-रूम से बाहर निकले, उसी दौरान पाकरगांव की ओर से आ रही आर्टिगा कार क्रमांक सीजी 13 एएन 1090 का चालक अत्यधिक तेज गति से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में सड़क के दाहिनी ओर आ गया।
यह भी पढ़ें- कोतबा के कन्या छात्रावास में आधी रात घुसे असामाजिक तत्व, दरवाजे-खिड़कियां खटखटाकर छात्राओं को डराया
कार चालक ने सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक सीजी 15 सीयू 9284 एवं आल्टो कार क्रमांक सीजी 04केक्यू 4824 सहित वहां खड़ी मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मारते हुए शो-रूम के सामने मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में खेमचंद नायक, सीताराम नायक, संदीप चैहान एवं विके बंजारा गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए इस हादसे में प्रार्थी बोधलाल नायक ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
भाग रहे आरोपित को लोगों ने पकड़ा
आरोपी कार चालक ने घटना के बाद मौके से भागने का प्रयास किया। लेकिन तेज रफ्तार आर्टिगा कार सड़क के डिवाइडर के गड्ढे में फंस गई। इसके बाद आरोपी कार से उतरकर भागने लगा, जिसे घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया, जहाँ से पुलिस की टीम के द्वारा उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस की पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम घनश्याम यादव निवासी पालीडीह धनियापारा बताया।
घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था। आरोपी द्वारा नशे की हालत में अत्यधिक तेज गति से एवं गलत दिशा में वाहन चलाकर इस प्रकार का कृत्य किया गया, जिससे चार व्यक्तियों की जान खतरे में पड़ गई तथा कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीएनएस की धारा 110 एवं 324(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपित कार चालक घनश्याम यादव पिता बसंत यादव उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपित के कार को जब्त कर लिया है।