
नईदुनिया प्रतिनिधि, जशपुरनगर। भारतीय जनता पार्टी की पहाड़ी कोरवा महिला कार्यकर्ता पर इंटरनेट मीडिया फेसबुक पर विवादित टिप्पणी के मामले में कुनकुरी पुलिस ने आरोपित विवेकानंद झा के विरूद्व अपराध पंजीबद्व कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि, पीड़िता ने बीते दिनों इस मामले को लेकर कुनकुरी थाना में शिकायत दर्ज कराया था। शिकायत में पीड़िता ने बताया है कि वह भाजपा के आईटी सेल से जुड़ी हुई है। पीड़िता के अनुसार फेसबुक में राजीव गर्ग नाम के एक व्यक्ति ने फेसबुक पर एक राजनीतिक पोस्ट की थी।
पीड़िता पर की थी अभद्र टिप्पणी
इस पोस्ट पर आरोपित विवेकानंद झा ने पीड़िता के लिए अपशब्द का प्रयोग करते हुए,कमेंट किया था। पीड़िता का कहना है कि इस कमेंट से उसकी राजनीतिक,सामाजिक छवि धूमिल हुई है।
यह भी पढ़ें- 27 साल का संघर्ष : CRPF जवान की पत्नी ने लंबी कानूनी लड़ाई के बाद ऐसे पाया पैतृक संपत्ति पर अधिकार
शिकायत की जांच के बाद कुनकुरी पुलिस ने आरोपित विवेकानंद झा के विरूद्व बीएनएस की धारा 79 (किसी महिला की मर्यादा का अपमान करने के इरादे से आपत्तिजनक टिप्पणी,इशारा या फिर किसी वस्तु को दिखाना),296 (सार्वजनिक स्थल पर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग) और अनुसूचित जाति व जनजाति नृशंता निवारण अधिनियम 2015 की धारा 3 (2) (5) के अंर्तगत अपराध पंजीबद्व किया है।
इस मामले को लेकर भाजपा की महिला मोर्चा की कार्यकर्ता भी कुनकुरी थाना पहुंची थी। उन्होनें थाना प्रभारी से मुलाकात कर,पहाड़ी कोरवा महिला कार्यकर्ता पर किये गए अभद्र टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
यह भी पढ़ें- आम की मिठास के आड़ में 'जहर' खपाने की कोशिश, जशपुर पुलिस ने पकड़ी 2 क्विंटल गांजे की खेप, एक तस्कर गिरफ्तार