
नईदुनिया प्रतिनिधि, जशपुरनगरः छत्तीसगढ़ शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत जशपुर जिले के थाना पत्थलगांव में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक अनिल केरकेट्टा के परिवार को एक करोड़ रुपये की बीमा सहायता राशि दी गई है। भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से उनकी पत्नी शांति केरकेट्टा को यह राशि प्रदान की गई।
आरक्षक अनिल केरकेट्टा की 24 अप्रैल को लोरों घाट में हुई सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। घटना के समय वे थाना पत्थलगांव में पदस्थ थे। उन्होंने 17 अप्रैल 2007 से जशपुर जिले में पुलिस विभाग में सेवाएं शुरू की थीं।
योजना के तहत आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डा. लाल उमेद सिंह और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशा तिर्की ने परिवार को चेक सौंपा।
इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय उप महाप्रबंधक, बिलासपुर आलोक रंजन, मुख्य प्रबंधक एसबीआई जशपुर समीर कुमार और अग्रणी जिला प्रबंधक (लीड) राकेश तिवारी भी मौजूद रहे। पुलिस और बैंक अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और सहायता राशि के सुरक्षित एवं सुनियोजित उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
यह भी पढ़ें- पत्नी की पोस्टिंग कोरबा में, पति का तबादला कोंडागांव किए जाने पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक
परिजनों को फंड मैनेजमेंट की जानकारी भी दी गई, ताकि परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिले। डा. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस सैलरी पैकेज योजना पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है।
ड्यूटी के दौरान अथवा दुर्घटना में मृत्यु होने पर नामांकित सदस्य को एक करोड़ रुपये तक का बीमा कवर और सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये की सहायता दी जाती है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से वेतन खाते को भारतीय स्टेट बैंक के पुलिस सैलरी पैकेज के तहत पंजीकृत रखने तथा नामांकन और अन्य जानकारियां समय-समय पर अद्यतन करने की अपील की।