
नईदुनिया न्यूज, अंतागढ़। ग्राम पंचायत गुमझीर के पास मंगलवार सुबह हाईवा ट्रक के गुजरने के बाद जर्जर पुल धंस गया। इससे आमाबेड़ा तहसील क्षेत्र को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग बंद हो गया और 100 से अधिक गांवों का सीधा संपर्क कांकेर से टूट गया।
मुख्यमंत्री बस सेवा और टैक्सी संचालन प्रभावित हैं। कुछ ग्रामीण जोखिम उठाकर दोपहिया वाहनों से पुल पार कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, तीन से चार वर्ष पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क और पुल-पुलियों का निर्माण हुआ था। पिछले वर्ष भी पुल धंस गया था। तब ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने जनसहयोग से इसे आवागमन योग्य बनाया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने से पुल फिर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे मरीजों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।
आमाबेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से गंभीर मरीजों को 108 और 102 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा जाता है। मार्ग बंद होने पर एंबुलेंस को केशकाल और भानुप्रतापपुर होकर करीब 80 से 90 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। दीपावली की खरीदारी के लिए कांकेर जाने वाले ग्रामीणों, व्यापारियों और अधिकारी-कर्मचारियों को भी परेशानी हो रही है।
समाज प्रमुखों और जनप्रतिनिधियों ने पक्की सड़क तथा मजबूत पुल-पुलियों की मांग कई बार उठाई है। करीब चार माह पहले गृहमंत्री विजय शर्मा के आमाबेड़ा दौरे और एक माह पूर्व जनसमस्या निवारण शिविर में भी यह मुद्दा रखा गया था।
सर्व समुदाय के अध्यक्ष मनऊ गोटा ने कहा कि पुल टूटने से आवागमन और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। क्षेत्रवासियों ने तत्काल निरीक्षण कर स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण की मांग की है।
यह भी पढ़ें- कांकेर में दो नए मार्गों पर बस सेवा शुरू, 40 से अधिक गांवों को मिलेगी सुविधा, परिवहन मंत्री ने दिखाई हरी झंडी